जालंधर नॉर्थ में मेयर वनीत धीर ने फिर दिया विपक्षी पार्टियों को झटका, भाजपा-अकाली दल के कई नेता ‘AAP’ में शामिल, मंत्री अमन अरोड़ा और हरभजन ईटीओ की मौजूदगी में थामा झाड़ू
जालंधर, 23 नवंबर: जालंधर नॉर्थ विधानसभा हलके में आम आदमी पार्टी को उस समय बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली, जब विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े कई पदाधिकारियों और नेताओं ने आम आदमी पार्टी में शामिल होने का ऐलान किया। पंजाब प्रदेश प्रधान अमन अरोड़ा और कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया।
इस राजनीतिक घटनाक्रम से जालंधर नॉर्थ हलके से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार और मेयर वनीत धीर को मजबूती मिली है।
इन लोगों ने ज्वाइन की आम आदमी पार्टी
पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं में भाजपा से जुड़े वार्ड इंचार्ज राजेश कुमार और बूथ इंचार्ज हरविंदर सिंह टिट्टू तथा अकाली दल से जुड़े बीसी विंग नेता जतिंदरजीत सिंह, दविंदर सिंह, हपिंदर सिंह, मुनीश कुमार और चरणजीत सिंह डीसी के अलावा सुरिंदर सिंह छिंदा नामधारी, दिनेश कुमार दमन व नरिंदर पाल सिंह राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हैं।
इन नेताओं के पार्टी में शामिल होने से जालंधर नॉर्थ में आम आदमी पार्टी का राजनीतिक आधार और मजबूत होने की उम्मीद है। इस अवसर पर पार्टी नेतृत्व ने कहा कि आम आदमी पार्टी की जनहितैषी नीतियों, विकास कार्यों और जनसेवा की राजनीति से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के नेता लगातार पार्टी के साथ जुड़ रहे हैं।
मेयर वनीत धीर ने इस समर्थन के लिए सभी नए साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जालंधर नॉर्थ के विकास, लोगों की समस्याओं के समाधान और शहर को बेहतर बनाने के लिए सभी को साथ लेकर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल हुए सभी साथियों को पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा और उनके अनुभव का इस्तेमाल हलके के विकास के लिए किया जाएगा।