You are currently viewing रामायण के बाली की तरह आधी नहीं, पूरी सियासी ताकत खींचने निकले थे ‘दीपक बाली’! राजविंदर कौर थियाड़ा ने पलट दिया पूरा खेल, बाली का दीपक बुझाने में बड़ा सियासी दांव, हलका इंचार्ज की बढ़ीं मुश्किलें

रामायण के बाली की तरह आधी नहीं, पूरी सियासी ताकत खींचने निकले थे ‘दीपक बाली’! राजविंदर कौर थियाड़ा ने पलट दिया पूरा खेल, बाली का दीपक बुझाने में बड़ा सियासी दांव, हलका इंचार्ज की बढ़ीं मुश्किलें

जालंधर कैंट (अमन बग्गा): आम आदमी पार्टी के जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्र में नए हलका इंचार्ज दीपक बाली की नियुक्ति के बाद शुरू हुआ सियासी विवाद अब लगातार गहराता जा रहा है। संगठन के भीतर सामने आए विरोध ने पार्टी हाईकमान के सामने भी नई चुनौती खड़ी कर दी है।

जालंधर कैंट में आयोजित बैठक के दौरान 40 सरपंच, 7 पार्षद, 2 जिला परिषद सदस्य, ब्लॉक समिति सदस्य और पार्टी के विभिन्न संगठनात्मक पदाधिकारी राजविंदर कौर थियाड़ा के समर्थन में एकजुट दिखाई दिए। वहीं 11 में से 10 ब्लॉक प्रधानों ने इस्तीफे देकर अपना विरोध दर्ज करवाया। महिला विंग, युवा विंग, नशों के खिलाफ विंग सहित अन्य विंगों के पदाधिकारियों द्वारा भी इस्तीफे दिए जाने की बात सामने आई है।

‘बाली’ की कहानी उलटी पड़ गई? दीपक बुझाने में जुटे आप नेता

सियासी गलियारों में इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अब रामायण के बाली के किरदार का उदाहरण भी दिया जा रहा है। मान्यता के अनुसार, बाली जिस योद्धा से युद्ध करता था, उसकी आधी शक्ति उसके पास आ जाती थी।
इसी तर्ज पर सियासी तंज कसते हुए कहा जा रहा है कि ‘दीपक बाली’ ने राजविंदर कौर थियाड़ा की पूरी राजनीतिक ताकत को पाने के लिए बड़ा सियासी दांव चला और कैंट हलके के इंचार्ज की कुर्सी पर स्वयं विराजमान हो गए। लेकिन थियाड़ा भी राजनीति के दांव चलने में कोई कम माहिर थोड़ी हैं। उन्होंने भी ऐसा दांव चला कि हाईकमान की चिंताएं बढ़ा दी हैं।
जिस महिला शक्ति को कमजोर करने की कोशिश मानी जा रही थी, वही शक्ति अब संगठन के एक बड़े हिस्से की एकजुटता के रूप में सामने आती नजर आ रही है। 10 ब्लॉक प्रधानों के इस्तीफे और बड़ी संख्या में सरपंचों, पार्षदों व अन्य पदाधिकारियों का थियाड़ा के समर्थन में खड़ा होना दीपक बाली के लिए निश्चित तौर पर आसान स्थिति नहीं है।

दो दिन का अल्टीमेटम, अब हाईकमान के फैसले पर नजर

बैठक में पार्षदों और अन्य नेताओं की ओर से पार्टी हाईकमान को दो दिन का अल्टीमेटम देकर अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की गई है। ऐसे में अब सबसे बड़ी नजर इस बात पर है कि हाईकमान इस पूरे विवाद को किस तरह सुलझाता है।
अगर आने वाले दिनों में बगावती सुर शांत नहीं होते, तो इसका असर सिर्फ जालंधर कैंट के संगठन तक सीमित नहीं रह सकता, बल्कि आने वाले चुनावों में आम आदमी पार्टी की चुनावी रणनीति के लिए भी मुश्किलें पैदा हो सकती हैं।

कार्यकर्ता और नेता जिताते हैं चुनाव

राजनीति में चुनाव केवल किसी एक बड़े नेता के चेहरे या हलका इंचार्ज के दम पर नहीं जीते जाते। ब्लॉक प्रधान, सरपंच, पार्षद, बूथ स्तर के कार्यकर्ता और स्थानीय संगठन ही चुनावी मैदान में पार्टी की असली ताकत होते हैं।
ऐसे में अगर यही संगठनात्मक पदाधिकारी नाराज होकर अलग खड़े हो जाएं या पार्टी की गतिविधियों से दूरी बना लें, तो चुनावी तैयारियों पर इसका असर पड़ना स्वाभाविक है। यही वजह है कि जालंधर कैंट में उठे मौजूदा विरोध को आम आदमी पार्टी के लिए गंभीरता से लेने की जरूरत है।

दीपक बाली के लिए बड़ी चुनौती

अब सवाल यह है कि क्या दीपक बाली नाराज संगठन को दोबारा एकजुट कर पाएंगे? क्या हाईकमान दो दिन के अल्टीमेटम के भीतर कोई ऐसा समाधान निकालेगा जिससे पार्टी में बढ़ती नाराजगी खत्म हो? या फिर जालंधर कैंट में AAP की अंदरूनी खींचतान और ज्यादा बढ़ेगी?
फिलहाल दीपक बाली के लिए चुनौती सिर्फ हलका इंचार्ज की जिम्मेदारी संभालने की नहीं, बल्कि नाराज नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की है। वहीं राजविंदर कौर थियाड़ा ने जिस तरह संगठन के एक बड़े हिस्से को अपने समर्थन में लामबंद किया है, उसने पूरे सियासी समीकरण को जरूर बदल दिया है।

अब गेंद पूरी तरह आम आदमी पार्टी हाईकमान के पाले में हैं। फैसला आने वाले दिनों में होगा, लेकिन जालंधर कैंट की सियासत में उठे बगावती सुरों ने दीपक बाली की चिंताएं जरूर बढ़ा दी हैं।

rajvinder-kaur-thiara-turned-the-tables-completely-her-strategic-political-move-effectively-extinguished-balis-flame