You are currently viewing जालंधर में मासूम को रुमाल सुंघाकर साइकिल पर अगवा कर ले गए नकाबपोश, होश आने पर दी टांग काटने की धमकी; पुलिस ने की यह खास अपील

जालंधर में मासूम को रुमाल सुंघाकर साइकिल पर अगवा कर ले गए नकाबपोश, होश आने पर दी टांग काटने की धमकी; पुलिस ने की यह खास अपील

जालंधर: शहर के मकसूदां मंडी इलाके से शनिवार देर रात मानवता को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां दुकान पर जा रही एक प्रवासी बच्ची को अगवा करने की कोशिश की गई। नकाबपोश बदमाशों ने मासूम को नशीला रुमाल सुंघाकर साइकिल पर बैठा लिया और अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से ले गए। हालांकि, रास्ते में बच्ची को होश आ जाने पर आरोपियों के हौसले पस्त हो गए और वे उसे खौफनाक धमकी देकर सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। गनीमत रही कि वक्त रहते राहगीरों की नजर ठंड में ठिठुरती बच्ची पर पड़ गई, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।

पैसे खुल्ले करवाने निकली थी मासूम, पाउडर लगा रुमाल सुंघाकर साइकिल पर ले गए बदमाश

पीड़ित बच्ची ने पुलिस और राहगीरों को आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह शनिवार रात अपने घर से दुकान पर पैसे खुल्ले करवाने के लिए निकली थी। इसी दौरान रास्ते में अंधेरे का फायदा उठाकर मुंह ढके दो युवकों ने उसे अचानक पकड़ लिया और रुमाल पर कोई संदिग्ध पाउडर लगाकर उसे सुंघा दिया, जिससे वह बेसुध हो गई। इसके बाद दोनों आरोपी उसे साइकिल पर बैठाकर अगवा कर ले गए। बच्ची के मुताबिक, जब कुछ दूर जाने के बाद उसे होश आया, तो बदमाशों ने उसे डराते हुए धमकी दी कि यदि उसने शोर मचाया या किसी को इस बारे में कुछ भी बताया, तो वे उसकी टांग काट देंगे और जान से मार देंगे। इसके बाद आरोपी उसे जस्से के पुल के पास घने अंधेरे में उतारकर मौके से भाग निकले।

जस्से के पुल के पास ठंड में कांपती मिली बच्ची, झुग्गी वालों ने दी शॉल और चप्पल

वारदात के बाद देर रात जस्से के पुल के समीप संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे कड़ाके की ठंड से कांपती और रोती हुई बच्ची पर जब राहगीर पंकज समेत अन्य लोगों की नजर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत मानवीयता दिखाते हुए उसे संभाला और पुलिस को सूचित किया। राहगीरों ने बताया कि मासूम इतनी डरी और घबराई हुई थी कि वह केवल अपने माता-पिता का नाम ही बता पा रही थी, लेकिन घर का सही पता उसे याद नहीं आ रहा था। बच्ची के मुंह से बार-बार ‘मंडी’ शब्द सुनकर राहगीर उसे मकसूदां मंडी स्थित झुग्गियों में लेकर गए ताकि उसके परिजनों का कोई सुराग लग सके। हालांकि वहां किसी ने बच्ची को नहीं पहचाना, लेकिन झुग्गी में रहने वाले लोगों ने दरियादिली दिखाते हुए मासूम को ठंड से बचाने के लिए शॉल और पहनने के लिए चप्पल दी।

थाना डिवीजन नंबर-1 की पुलिस ने संभाला मोर्चा, आम जनता से की यह अपील

इसी बीच इलाके में गश्त कर रही पुलिस की पीसीआर टीम भी मौके पर पहुंच गई, जिन्हें राहगीरों ने पूरे घटनाक्रम की विस्तार से जानकारी दी। चूंकि यह पूरा मामला थाना डिवीजन नंबर-1 के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए तुरंत थाने के ड्यूटी अफसर को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बच्ची से पूछताछ की और उसके बयान के आधार पर अज्ञात अपहरणकर्ताओं की तलाश शुरू कर दी है। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को इस बच्ची या इसके परिवार के बारे में कोई भी जानकारी मिले, तो वह तुरंत थाना डिवीजन नंबर-1 की पुलिस से संपर्क करे, ताकि इस मासूम को जल्द से जल्द सुरक्षित उसके माता-पिता के सुपुर्द किया जा सके।

In Jalandhar, masked individuals abducted a young child on a bicycle after making him inhale a substance