अमृतसर: पंजाब के खडूर साहिब लोकसभा क्षेत्र से सांसद अमृतपाल सिंह की दिवंगत दादी चरण कौर का निधन के 13 दिन बाद उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस भावुक घड़ी में शामिल होने के लिए अदालत से मिली महज तीन घंटे की कस्टडी पैरोल पूरी होते ही पुलिस प्रशासन ने अपनी वापसी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अंतिम रस्में पूरी होने के तुरंत बाद कड़े सुरक्षा घेरे के बीच पुलिस टीम अमृतपाल सिंह को वापस असम की डिब्रूगढ़ जेल ले जाने के लिए अमृतसर एयरपोर्ट की ओर रवाना हो गई है।
दिल्ली के सेफ हाउस से बुलेटप्रूफ गाड़ी में पहुंचे गांव, ट्रॉली पर सवार होकर अंतिम यात्रा में हुए शामिल
पंजाब पुलिस उन्हें दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक तीन घंटे की सशर्त कस्टडी पैरोल पर असम की डिब्रूगढ़ जेल से अमृतसर लेकर आई थी। सुरक्षा कारणों के चलते उन्हें शुक्रवार को ही असम जेल से दिल्ली लाया गया था, जहां उन्हें एक गुप्त सेफ हाउस में रखा गया। इसके बाद शनिवार सुबह उन्हें दिल्ली से अमृतसर लाया गया और एयरपोर्ट से सीधे एक बुलेटप्रूफ गाड़ी में बैठाकर उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा ले जाया गया। गांव पहुंचने पर अमृतपाल सिंह करीब एक घंटे तक अपने शोकाकुल परिवार के सदस्यों के साथ रहे। इसके पश्चात उन्होंने अपनी दादी की अंतिम यात्रा में एक ट्रॉली पर सवार होकर हिस्सा लिया। जैसे ही अंतिम यात्रा श्मशान घाट पहुंची, वहां मौजूद समर्थकों ने अमृतपाल सिंह पर फूलों की वर्षा की।
लाने-ले जाने में आया करीब 10 लाख का खर्च, परिवार ने की भरपाई
इस पूरे विशेष ट्रांजिट ऑपरेशन को लेकर एक अहम जानकारी यह भी सामने आई है कि सांसद अमृतपाल सिंह को असम की जेल से अमृतसर लाने और वापस ले जाने की पूरी व्यवस्था में करीब 10 लाख रुपये का खर्च आया है, जिसकी संपूर्ण भरपाई उनके परिवार की ओर से की गई है। गौरतलब है कि अमृतपाल सिंह पिछले करीब साढ़े तीन साल से असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। अमृतसर के अजनाला थाने पर हुए हमले के आरोप में गिरफ्तारी के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें सीधे असम की जेल में शिफ्ट कर दिया गया था।
बहरहाल, तमाम सुरक्षा प्रबंधों और प्रशासनिक निगरानी के बीच अंतिम संस्कार का यह पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया है। परिवार के साथ बिताए चंद घंटों और दादी को अंतिम विदाई देने के बाद अब अमृतपाल सिंह एक बार फिर कड़ी सुरक्षा के साये में असम की डिब्रूगढ़ जेल की सलाखों के पीछे लौट रहे हैं।




MP Amritpal Singh left for the Assam jail as his 3-hour parole ended; supporters showered him with flowers




