You are currently viewing जालंधर में ED की रेड से बेनक़ाब होगा Richi Travels के मालिक Satpal Multani का डंकी रूट का काला कारोबार ! ठग ट्रेवल एजेंटों की गिरफ्तारी का इंतजार! अमेरिका से डिपोर्ट हुए पीडितों को इंसाफ की उम्मीद

जालंधर में ED की रेड से बेनक़ाब होगा Richi Travels के मालिक Satpal Multani का डंकी रूट का काला कारोबार ! ठग ट्रेवल एजेंटों की गिरफ्तारी का इंतजार! अमेरिका से डिपोर्ट हुए पीडितों को इंसाफ की उम्मीद

जालंधर (Aman Bagga): डंकी रूट के जरिए अवैध तरीके से लोगों को (अमेरिका) विदेश भेजने वाले नेटवर्क पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अपना शिकंजा और तेज कर दिया है। इसी कड़ी में गुरुवार को ईडी की टीमों ने जालंधर, हरियाणा और दिल्ली समेत कुल 13 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।

ED के निशाने पर रिची ट्रैवल्स

जालंधर में ED के निशाने पर शहर का मशहूर ट्रेवल एजेंट रिची ट्रैवल्स रहा। ईडी के अधिकारियों ने बस अड्डे के पास स्थित रिची ट्रैवल्स के दफ्तर और इसके मालिक सतपाल मुल्तानी के जसवंत नगर स्थित आवास पर रेड की।

सैकड़ों भारतीय नागरिकों के अमेरिका से डिपोर्ट होने के बाद ED की रडार पर आया था रिची ट्रैवल का मालिक सतपाल मुल्तानी

दरअसल फरवरी 2025 में अमेरिकी सेना के कार्गो विमान से सैकड़ों भारतीय नागरिकों के अमेरिका से डिपोर्ट होने के बाद इस पुरे मामले की जांच शुरू हुई थी, जिसके बाद ED ने इस नेटवर्क से जुड़े एजेंटों की संपत्ति भी जब्त की थी। जालंधर की रिची ट्रैवल इसी अवैध नेटवर्क का हिस्सा मानी जा रही है, जिसके खिलाफ ED सबूत जुटा रही है।

जांच एजेंसी को शक है कि सतपाल मुल्तानी ने अवैध तरीके से डंकी रूट का काला धंधा करके कमाए गए करोड़ों रुपये से भारी संपत्ति अर्जित की है। वही 18 दिसंबर 2025 को रेड के दौरान टीम ने मौके से स्टाफ और परिवार के मोबाइल फोन जब्त किए और करीब 30 साल पुराने इस नेटवर्क के वित्तीय लेन-देन की बारीकी से जांच की गई है। सूत्रों की माने तो ED को काफ़ी अहम सुराग हाथ लगे है।

अब ईडी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मुल्तानी ने अपनी घोषित आय से कितनी अधिक चल-अचल संपत्ति बनाई है।

ईडी की इस जांच की जड़ें जुलाई महीने में हरियाणा और दिल्ली में हुई 19 जगहों पर छापेमारी से जुड़ी हैं। चार महीने चली गहन जांच के बाद सतपाल मुल्तानी का नाम प्रमुखता से सामने आया था।  मुल्तानी पर आरोप है कि करीब तीन दशक पहले छोटे स्तर पर कबूतरबाजी का काम शुरू किया था और अब उसका नेटवर्क विदेशों तक फैला हुआ है और वहां उसने अपने गुर्गे पाल रखे हैं। जांच में यह बात भी सामने आ रही है कि मुल्तानी की पुलिस लॉबी में गहरी पैठ रही है। जिस वजह से उस ने धड़ल्ले से डंकी रूट का काले धंधे को अंजाम दिया।

पिछले साल सतपाल मुल्तानी के बेटे रिची को पुलिस ने किया था गिरफ्तार

रिची ट्रैवल्स और उसका परिवार 2024 में विवादों में भी विवादों में आ गया था, 13 नवंबर 2024 को नकोदर रोड स्थित लवली प्लाईवुड एंड सैनिटेशन के बाहर उस समय दहशत का माहौल बन गया था, जब पार्किंग को लेकर हुए मामूली विवाद में सतपाल मुल्तानी के बेटे रिची पर सरेआम गुंडागर्दी के आरोप लगे थे। दरअसल, लवली प्लाईवुड के फील्ड ऑफिसर राजेश तिवारी और साथ स्थित मनी इंटरप्राइजिज के मालिक सूरत सिंह के बीच एक्टिवा खड़ी करने को लेकर झगड़ा हुआ, जिसमें सूरत सिंह ने रॉड से हमला कर दिया था। जब सूरत सिंह ने अपने रिश्तेदार सतपाल मुल्तानी को फोन किया, तो उसका बेटा रिची अपने साथियों, प्राइवेट बाउंसरों और पिता के गनमैन के साथ वहां आ धमका। रिची अपने साथियों के साथ शोरूम में घुसा और बीच-बचाव करने आए कर्मचारी पृथ्वी चंद को पीटते हुए किडनैप कर अपनी गाड़ी में डाल लिया। बाद में उसने पृथ्वी चंद को थाने ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए रिची और उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि बाद में दोनों पक्षो में राजीनामा हो गया था। और यह मामला सुलझ गया।

अब फिर से ईडी की रेड के साथ परिवार की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। देखना यह होगा कि क्या डंकी रूट के इस काले कारोबार का ED द्वारा भंडाफोड़ होता है या नहीं और सतपाल मुल्तानी पर क्या कोई बड़ी कार्रवाई होती है।

ED raids Richie Travels in Jalandhar: Satpal Multani under scrutiny after 4 months of investigation