You are currently viewing जालंधर सेंट्रल एरिया “बद से बदतर”, नितिन कोहली के हलके की व्यवस्था चरमराई, खुलकर सामने आ रही मेयर वनीत धीर की नाकामी

जालंधर सेंट्रल एरिया “बद से बदतर”, नितिन कोहली के हलके की व्यवस्था चरमराई, खुलकर सामने आ रही मेयर वनीत धीर की नाकामी

जालंधर (अमन बग्गा): जालंधर सेंट्रल हलके की हालत दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है। यहां की प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है और विकास कार्यों के नाम पर जनता को सिर्फ परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हलके के प्रतिनिधि नितिन कोहली और मेयर वनीत धीर की नाकामी अब खुलकर सामने आ गई है। जिला कांग्रेस कमेटी शहरी के अध्यक्ष और पूर्व विधायक राजिंदर बेरी ने सेंट्रल हलके की बदहाली पर मौजूदा नेतृत्व को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने फ्लाईओवर पर किए गए बेतुके इंतजामों और लद्देवाली फ्लाईओवर की 15 दिनों से खराब चल रही लाइटों को लेकर मेयर और नितिन कोहली की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाए हैं।

राजिंदर बेरी ने मौके का मुआयना करते हुए कहा कि प्रशासन का रवैया समझ से परे है। उन्होंने सवाल किया कि जब मेयर साहब और नितिन कोहली की देखरेख में फ्लाईओवर के दोनों तरफ भारी वाहनों को रोकने के लिए लोहे के गार्डर लगवा दिए गए हैं, तो फिर पुल के बीच में बड़े-बड़े पत्थर रखने का क्या औचित्य है? ये पत्थर वहां से गुजरने वाले दोपहिया और छोटे वाहन चालकों के लिए मुसीबत का सबब बने हुए हैं और लोगों को ट्रैफिक का सामना करना पड़ रहा है। बेरी ने प्रशासन पर तंज कसते हुए यह भी कहा कि लद्देवाली फ्लाईओवर की लाइटें खराब होकर “डिस्को डांस” कर रही हैं, मेयर साहब को वहां भी ध्यान देना चाहिए। जनता अंधेरे और खराब व्यवस्था से जूझ रही है, लेकिन जिम्मेदारों को इसकी कोई फिक्र नहीं है।

 

प्रशासनिक सुस्ती की पोल खोलते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि फ्लाईओवर के ऊपर से गुजरने वाली हाईटेंशन तार को हटाने का एस्टीमेट तक अब तक नहीं बन पाया है, जो यह दर्शाता है कि नितिन कोहली अपने हलके के विकास को लेकर कितने गंभीर हैं। आक्रोशित राजिंदर बेरी ने प्रशासन और सत्ताधारी नेताओं को सख्त अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर एक हफ्ते के भीतर पुल से ये पत्थर नहीं हटाए गए और समस्या का हल नहीं निकला, तो वे आसपास के मोहल्लों और कॉलोनियों के लोगों को साथ लेकर खुद इन पत्थरों को हटा देंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

 Jalandhar Central area goes from bad to worse, the system in Nitin Kohli’s constituency has collapsed