You are currently viewing ‘2 मिनट में मिल रहा चिट्टा’: अकाली दल के स्टिंग वीडियो के बाद जागी बठिंडा पुलिस, 200 जवानों ने गांव घेरा; 20 हिरासत में

‘2 मिनट में मिल रहा चिट्टा’: अकाली दल के स्टिंग वीडियो के बाद जागी बठिंडा पुलिस, 200 जवानों ने गांव घेरा; 20 हिरासत में

बठिंडा: शिरोमणि अकाली दल (SAD) द्वारा सोशल मीडिया पर बठिंडा के संगत कलां गांव में खुलेआम ‘चिट्टा’ (हेरोइन) बिकने का कथित स्टिंग ऑपरेशन वीडियो जारी किए जाने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वीडियो वायरल होने के दो दिन बाद हरकत में आई बठिंडा पुलिस ने मंगलवार तड़के करीब 200 जवानों के बड़े लश्कर के साथ संगत कलां गांव और संगत मंडी में सघन ‘कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन’ (CASO) चलाया। इस व्यापक छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 20 संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनके कब्जे से नशीले पदार्थ भी बरामद किए जाने का दावा किया गया है।

अकाली दल का तंज: ‘पिज्जा 30 मिनट में आता है और चिट्टा 2 मिनट में’

विवाद की शुरुआत तब हुई जब अकाली दल ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर 3.12 मिनट का एक वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में दावा किया गया था कि गांव में महज 600 रुपये में चिट्टा खुलेआम बेचा जा रहा है और इसकी होम डिलीवरी महिलाएं कर रही हैं। शिअद ने आम आदमी पार्टी की सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला बोलते हुए पोस्ट में लिखा था कि जहां पिज्जा 30 मिनट और ब्लिंकिट का ऑर्डर 10 मिनट में पहुंचता है, वहीं पंजाब में ‘चिट्टा’ दो मिनट से भी कम समय में आसानी से उपलब्ध हो जाता है। पार्टी ने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए सरकार को नशे के मोर्चे पर पूरी तरह विफल बताया था।

महिला समेत 3 तस्कर पहले ही गिरफ्तार, 9 ग्राम हेरोइन बरामद

वीडियो सामने आते ही बैकफुट पर आई पुलिस ने पहले चरण में कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरिंदर सिंह, मनजिंदर कौर और अरुणप्रीत सिंह गग्गू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, इनके पास से 9 ग्राम हेरोइन जब्त की गई थी और इनसे पूछताछ के आधार पर ही आज बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन की रूपरेखा तैयार की गई।

20 संदिग्धों से पूछताछ जारी, जल्द दर्ज होंगी नई एफआईआर

बठिंडा के एसपी (हेडक्वार्टर) जगदीश बिश्नोई ने बताया कि सुबह चलाए गए इस सर्च ऑपरेशन के दौरान 20 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तलाशी के दौरान संदिग्धों के पास से रिकवरी भी हुई है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि पूरी जांच और फॉरेंसिक पुष्टि के बाद विधिवत नई एफआईआर (FIR) दर्ज की जाएंगी और विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक किया जाएगा। फिलहाल भारी पुलिस बल की तैनाती से इलाके में नशा तस्करों के बीच खलबली मची हुई है।

Bathinda police swing into action after Akali Dal sting video; 200 personnel cordon off village, 20 detained.