खरड़: पंजाब के मोहाली जिले में स्थित खरड़ के उप-मंडल सिविल अस्पताल से ऑन-ड्यूटी महिला डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ के साथ बर्बरता और दुर्व्यवहार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में तैनात 29 वर्षीय महिला मेडिकल ऑफिसर पर एक मरीज ने अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने लेडी डॉक्टर का गला दबाकर उन्हें जमीन पर पटक दिया, उनकी शर्ट पकड़कर बटन तोड़ डाले और उन्हें घुमाकर फर्श पर फेंक दिया, जिससे उनका स्टेथोस्कोप भी टूट गया। बीच-बचाव करने आए एंबुलेंस चालक के साथ भी आरोपी ने मारपीट कर उसके कपड़े फाड़ डाले। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थाना सिटी खरड़ पुलिस ने आरोपी युवक को दबोचकर विभिन्न गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
इमरजेंसी में जांच करने पहुंची थीं मेडिकल ऑफिसर, अचानक हिंसक हुआ मरीज
पीड़ित मेडिकल ऑफिसर डॉ. हरशरनप्रीत कौर ने पुलिस को दर्ज करवाए बयान में बताया कि 24 अक्टूबर को उनकी नाइट ड्यूटी रात 8 बजे शुरू हुई थी। रात करीब 8:30 बजे वह इमरजेंसी रूम में थीं, तभी एक युवती उनके पास आई और रजत पाल नामक मरीज को देखने का आग्रह किया। डॉक्टर तुरंत वार्ड में पहुंचीं और मरीज का चेकअप किया। उस समय मरीज सामान्य स्थिति में था, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद वह अचानक अनियंत्रित होकर हाथ-पैर मारने लगा। स्थिति को भांपते हुए डॉक्टर ने स्टाफ को उसे माइनर ऑपरेशन थिएटर (OT) में शिफ्ट करने को कहा। माइनर ओटी में पहुंचते ही युवक उग्र हो गया और नर्सिंग स्टाफ के साथ गाली-गलौज व बदसलूकी करने लगा।
गला घोंटकर जमीन पर गिराया, कपड़े फाड़े और स्टेथोस्कोप तोड़ा
डॉ. हरशरनप्रीत कौर के अनुसार, जब उन्होंने आगे बढ़कर युवक को समझाने और शांत कराने की कोशिश की, तो वह अचानक वहशी बन बैठा। आरोपी ने सीधे लेडी डॉक्टर का गला पकड़ लिया और जोर से दबाते हुए उन्हें जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद उसने डॉक्टर की शर्ट पकड़कर खींची, जिससे सारे बटन टूट गए और उसने उन्हें शर्ट से पकड़कर फर्श पर बुरी तरह घुमा दिया। इस छीना-झपटी और हमले में डॉक्टर के गले में लटका स्टेथोस्कोप टूटकर बिखर गया और उन्हें गंभीर चोटें आईं। डॉक्टर की चीख-पुकार सुनकर जब एंबुलेंस चालक सतनाम सिंह बचाव के लिए दौड़ा, तो आरोपी ने उस पर भी हमला बोल दिया और मारपीट करते हुए उसके कपड़े फाड़ डाले। डॉक्टर ने आशंका जताई है कि आरोपी किसी भारी नशे के प्रभाव में था।
स्टाफ ने आरोपी को दबोचा, पुलिस ने BNS और सरकारी संपत्ति एक्ट में कसा शिकंजा
अस्पताल में मचे कोहराम के बीच अन्य स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। थाना सिटी खरड़ से एएसआई राज कुमार और महिला कांस्टेबल जसविंदर कौर पुलिस बल के साथ तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचे। पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपनी पहचान रजतपाल सिंह पुत्र अरविंदपाल (निवासी हीरा सिंह नगर, राम बाग के पास, खरड़) के रूप में दी।
लेडी डॉक्टर, स्टाफ नर्स अनीशा और चालक सतनाम सिंह के बयानों व मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी रजतपाल सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 132, 221 और 76 तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा 3 व 4 के तहत संगीन मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। ड्यूटी पर तैनात महिला डॉक्टर पर हुए इस जानलेवा हमले से स्वास्थ्य कर्मियों में भारी रोष व्याप्त है।


A woman doctor was brutalized at the Civil Hospital; a man strangled her, broke her shirt buttons




