जालंधर: जालंधर के वेस्ट हलके में बेखौफ घूम रहे झपटमारों और चोरों ने कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ा रखी हैं। आए दिन हो रही वारदातों से स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल है। ताजा सनसनीखेज वारदात थाना डिवीजन नंबर 5 के अधीन आते लसूड़ी मोहल्ले से सामने आई है, जहां सुबह की सैर पर निकली एक बीमार बुजुर्ग महिला को बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने बेरहमी से धक्का देकर नीचे गिरा दिया और उनके कानों की बालियां झपटकर फरार हो गए। अचानक हुए इस हमले में बुजुर्ग महिला के घुटनों में गंभीर चोटें आई हैं।
बातों में उलझाया, फिर सड़क पर पटककर लूटी बालियां
पीड़िता बचनों ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई कि वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रही हैं और डॉक्टर की सलाह पर घर के पास ही सुबह टहलने निकली थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो नकाबपोश युवक उनके पास पहुंचे और पहले उन्हें बातों में उलझाते हुए साइड होकर चलने की बात कही। महिला जब आगे बढ़ी, तो बदमाश अचानक मुड़कर वापस आए और जोर से धक्का मार दिया। पीड़िता के जमीन पर गिरते ही लुटेरों ने उनके कानों से सोने की बालियां नोच लीं और तेजी से फरार हो गए। सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़ी बुजुर्ग महिला को आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने संभाला।
दिनदहाड़े हो रही लूट से लोगों में उबाल, पुलिस की लेट-लतीफी पर फूटा गुस्सा
लगातार हो रही वारदातों को लेकर इलाका निवासियों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते दिन भी इसी इलाके में एक रेहड़ी वाले और ऑटो चालक से लूटपाट की गई थी, जिससे अब दिन के उजाले में भी घर से बाहर निकलना सुरक्षित नहीं रह गया है। लोगों ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर कड़े सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सुबह 8 बजे वारदात होने के तुरंत बाद पुलिस को सूचित कर दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद 3 से 4 घंटे तक कोई भी पुलिसकर्मी मौके पर जांच के लिए नहीं पहुंचा।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, जल्द गिरफ्तारी का दावा
मामले के तूल पकड़ने और लोगों के आक्रोश को देखते हुए एसीपी अतिश भाटिया ने पुलिस का पक्ष सामने रखा। उन्होंने बताया कि थाना डिवीजन नंबर 5 की पुलिस को लसूड़ी मोहल्ले में महिला के साथ हुई स्नेचिंग की सूचना मिली थी, जिस पर तुरंत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। पुलिस ने दावा किया है कि लुटेरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।


Brazen robbers run amok in Jalandhar; an elderly woman out for a morning walk was shoved and had her earrings snatched




