You are currently viewing चीफ जस्टिस नियुक्ति विवाद के बीच CM मान का बड़ा फैसला, बठिंडा दौरा अचानक रद्द; दिल्ली से सीधे चंडीगढ़ रवाना हुए मुख्यमंत्री

चीफ जस्टिस नियुक्ति विवाद के बीच CM मान का बड़ा फैसला, बठिंडा दौरा अचानक रद्द; दिल्ली से सीधे चंडीगढ़ रवाना हुए मुख्यमंत्री

बठिंडा: पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश के तौर पर जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा की नियुक्ति को लेकर केंद्र और राज्य सरकार के बीच छिड़ा सियासी व कानूनी विवाद अब और गहरा गया है। इस टकराव के बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को बठिंडा जिले के गांव मेहराज में होने वाले अपने पूर्व निर्धारित ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम को अचानक रद्द कर दिया है। कार्यक्रम की नई तारीख का फिलहाल कोई ऐलान नहीं किया गया है। राजनीतिक गलियारों में इस दौरे के रद्द होने को लेकर खासी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

सहमति के बिना नियुक्ति पर भड़के सीएम, केंद्र पर लगाए गंभीर आरोप

रविवार को पंजाब कैबिनेट की आपात बैठक बुलाई गई थी, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से नियुक्ति व शपथ ग्रहण समारोह को टालने की अपील की गई थी। मुख्यमंत्री मान ने खुले मंच से नाराजगी जताते हुए कहा कि चीफ जस्टिस की नियुक्ति के संबंध में पंजाब सरकार से अनुमति मांगी गई थी, लेकिन राज्य की आपत्ति के बावजूद केंद्र सरकार ने इसे नजरअंदाज कर फैसला थोप दिया। सीएम ने दो टूक कहा कि ‘पंजाब दी गल्ल दब्बी जा रही है’ और भाजपा नीत केंद्र सरकार राज्य के संवैधानिक व संघीय अधिकारों को कुचलने में जुटी है।

दिल्ली से सीधे चंडीगढ़ रवाना हुए मुख्यमंत्री, सियासी गलियारों में सुगबुगाहट तेज

रविवार रात मुख्यमंत्री बठिंडा से सीधे दिल्ली रवाना हुए थे, जहां वे गुरुग्राम की जेल में बंद पूर्व मंत्री संजीव अरोड़ा से मुलाकात करने पहुंचे। पहले तय कार्यक्रम के अनुसार उन्हें सोमवार को वापस बठिंडा आकर पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के पैतृक गांव मेहराज में ‘लोक मिलनी’ करनी थी। हालांकि रामपुरा फूल से विधायक बलकार सिंह सिद्धू ने सोशल मीडिया पर कार्यक्रम रद्द होने की जानकारी साझा की। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, सीएम अब दिल्ली से सीधे चंडीगढ़ लौट रहे हैं। हालांकि, मंगलवार को मानसा जिले के गांव फाफड़े भाईके में प्रस्तावित ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम अभी भी तय शेड्यूल के मुताबिक ही होगा।

Amid the controversy over the Chief Justice appointment, CM Mann takes a major decision