You are currently viewing कनाडा के ब्रैम्पटन में खौफ का दूसरा नाम बना पंजाबी युवक गिरफ्तार, बड़ा चाकू दिखाकर 5 दुकानों में की थी लूटपाट

कनाडा के ब्रैम्पटन में खौफ का दूसरा नाम बना पंजाबी युवक गिरफ्तार, बड़ा चाकू दिखाकर 5 दुकानों में की थी लूटपाट

ब्रैम्पटन: कनाडा के ओंटारियो प्रांत में हथियारों के बल पर ताबड़तोड़ लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले 22 वर्षीय पंजाबी मूल के युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सेंट्रल रॉबरी ब्यूरो और पील रीजनल पुलिस ने जांच के बाद ब्रैम्पटन निवासी तीपिंदर सिंह घुम्मन को हिरासत में लिया है। आरोपी पर इलाके के पांच अलग-अलग रिटेल स्टोर्स और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में हथियार की नोक पर कैश लूटने का गंभीर आरोप है। पुलिस द्वारा आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की गई है।

10 दिनों के भीतर 5 दुकानों को बनाया निशाना

पुलिस के अनुसार, यह पूरी लूट की श्रृंखला 14 अगस्त से 24 अगस्त के बीच सामने आई थी। आरोपी बेहद शातिराना तरीके से दुकानों को अपना निशाना बनाता था। वह मुंह ढककर सीधे रिटेल स्टोर में दाखिल होता और कर्मचारियों पर बड़ा चाकू तानकर जान से मारने की धमकी देता था। इसके बाद वह काउंटर पर रखे सारे नकदी पैसे लूटकर मौके से फरार हो जाता था। लगातार हो रही इन वारदातों से स्थानीय व्यापारियों, कर्मचारियों और ग्राहकों में भारी दहशत फैल गई थी।

लूट और चेहरे छिपाने समेत दर्जनों संगीन धाराएं दर्ज

पील रीजनल पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सेंट्रल रॉबरी ब्यूरो को जांच सौंपी थी। जांच टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी तीपिंदर सिंह घुम्मन की पहचान की और 29 अगस्त को उसे धर दबोचा, जिसका पूरा ब्योरा पुलिस ने साझा किया है। आरोपी के खिलाफ लूटपाट (5 काउंट्स), अपराध की नीयत से भेष बदलने/चेहरा छिपाने (6 काउंट्स) और संगीन अपराध के प्रयास समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

अदालत में पेशी, पुलिस ने लोगों से मांगी और जानकारी

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को ब्रैम्पटन स्थित ‘ओंटारियो कोर्ट ऑफ जस्टिस’ में जमानत सुनवाई के लिए पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी द्वारा खुलेआम धारदार हथियार लहराने से लोगों की जान पर बड़ा खतरा बन गया था, इसलिए उसकी त्वरित गिरफ्तारी बेहद जरूरी थी। पील पुलिस ने स्थानीय नागरिकों और कारोबारियों से अपील की है कि यदि उनके पास आरोपी या इन वारदातों से जुड़ी कोई अन्य अहम जानकारी हो, तो वे तुरंत सेंट्रल रॉबरी ब्यूरो से संपर्क करें।

Punjabi youth, who had become synonymous with terror in Brampton, Canada, arrested