जालंधर: राधा स्वामी सत्संग ब्यास (RSSB) के प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों शुक्रवार को अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जालंधर दौरे पर पहुंचे। उनके शहर में आगमन की सूचना मिलते ही सुबह से ही श्रद्धालुओं और संगत में भारी उत्साह देखने को मिला। अपने इस दौरे के दौरान बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने सबसे पहले शहर के प्रमुख नेताओं के आवास पर जाकर मुलाकात की और इसके पश्चात 120 फीट रोड के नजदीक स्थित डेरा ब्यास सत्संग घर पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में मौजूद संगत ने उनके दर्शन किए। हालांकि, इस दौरे को लेकर किसी भी तरह की राजनीतिक अटकलों को विराम देते हुए स्पष्ट किया गया है कि यह कोई राजनीतिक दौरा नहीं था, बल्कि पहले से तय एक सामान्य कार्यक्रम था। इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
परगट सिंह और सुशील रिंकू के निवास पर हुआ गर्मजोशी से स्वागत
अपने जालंधर प्रवास की शुरुआत में बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों सबसे पहले जालंधर कैंट में कांग्रेस नेता परगट सिंह के आवास पर पहुंचे। वहां परगट सिंह और उनके परिवार की ओर से बाबा जी का बेहद गर्मजोशी और श्रद्धा के साथ स्वागत किया गया। इसके बाद बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों पूर्व सांसद एवं भाजपा नेता सुशील रिंकू के घर भी गए, जहां उन्होंने कुछ समय व्यतीत किया। दोनों ही स्थानों पर बेहद सादगीपूर्ण माहौल रहा और वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने भी इस दौरान उनके दर्शन किए।
120 फीट रोड स्थित सत्संग घर में उमड़ी संगत, भजनों के गुणगान से गूंजा माहौल
नेताओं के आवास से निकलने के बाद बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों सीधे 120 फीट रोड के पास स्थित डेरा ब्यास सत्संग घर पहुंचे। सुबह से ही बाबा जी के आने की खबर फैलते ही भारी संख्या में संगत सत्संग घर में जुटना शुरू हो गई थी। श्रद्धालु अनुशासित तरीके से फर्श पर बैठकर उनके आगमन की प्रतीक्षा कर रहे थे और पूरे परिसर में संगत द्वारा निरंतर भजनों का गुणगान किया जा रहा था। बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों के पहुंचते ही माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया और बड़ी संख्या में मौजूद संगत ने शांत भाव से उनके दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
1990 में संभाली थी डेरे की बागडोर, जसदीप सिंह गिल को बनाया है उत्तराधिकारी
गौरतलब है कि बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों भारत के प्रमुख आध्यात्मिक संगठन राधा स्वामी सत्संग ब्यास (RSSB) के संत सतगुरु और प्रमुख रहे हैं। उन्होंने वर्ष 1990 में अपने चाचा महाराज चरण सिंह जी के बाद डेरा बाबा जयमल सिंह (ब्यास, पंजाब) की आध्यात्मिक बागडोर संभाली थी। देश-विदेश में उनके करोड़ों अनुयायी हैं। इसके अलावा, उन्होंने सितंबर 2024 में जसदीप सिंह गिल को अपना उत्तराधिकारी मनोनीत किया था।




Baba Gurinder Singh Dhillon visited the homes of Pargat Singh and Sushil Rinku




