संगरूर: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) एक विवादित वीडियो के चलते कानूनी पचड़े में फंसते नजर आ रहे हैं। पंजाब के संगरूर जिले के एक वकील ने अमिताभ बच्चन और सोनी टीवी को लीगल नोटिस भेजकर शो में पंजाब की छवि खराब करने वाला सवाल पूछे जाने पर कड़ा ऐतराज जताया है। हालांकि, इस पूरे मामले में एक बड़ा मोड़ तब आया जब वायरल हो रही इस क्लिप की पड़ताल में इसके आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से छेड़छाड़ कर बनाए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस थानों पर बम हमले वाले सवाल से भड़के वकील, बिना शर्त माफी की मांग
संगरूर के एडवोकेट इंद्रजीत अरोड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि तीन-चार दिन पहले उनके एक क्लाइंट ने उनसे संपर्क कर केबीसी शो से जुड़े कुछ स्क्रीनशॉट और एक वीडियो क्लिप दिखाई थी। वकील के मुताबिक, सोनी टीवी पर प्रसारित होने वाले इस प्रतिष्ठित शो में सामान्य तौर पर जनरल नॉलेज के सवाल पूछे जाते हैं, लेकिन वायरल वीडियो में ऐसा प्रश्न पूछा गया जिसका सामान्य ज्ञान से कोई सरोकार नहीं है। एडवोकेट अरोड़ा ने कहा कि यह सीधे तौर पर किसी विशेष राज्य को बदनाम करने का प्रयास है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे पंजाब में रहते हैं और यहां ऐसा कोई माहौल नहीं है, लेकिन चुनावी माहौल के बीच इस तरह की भ्रामक बातों से आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है। इसी वजह से उन्होंने अमिताभ बच्चन और चैनल को नोटिस भेजकर विवादित वीडियो तुरंत हटाने और बिना शर्त माफी मांगने की मांग की है।
क्या है दो मिनट के वायरल वीडियो में, जिसे लेकर खड़ा हुआ पूरा बवाल
सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा यह वीडियो करीब दो मिनट का है, जिसमें अमिताभ बच्चन हॉट सीट पर बैठे एक कंटेस्टेंट से 12.50 लाख रुपये के लिए 12वां प्रश्न पूछते दिखाई दे रहे हैं। क्लिप में दिखाया गया है कि अमिताभ सवाल करते हैं कि हाल ही में इनमें से किस राज्य में अपराधी पुलिस थानों में बम ब्लास्ट करने से नहीं डर रहे हैं। इसके चार विकल्पों में उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और बंगाल के साथ पंजाब को भी रखा जाता है। वीडियो में आगे प्रतिभागी 50:50 लाइफलाइन लेता है, जिसके बाद यूपी और बंगाल के विकल्प हटा दिए जाते हैं और अंत में अमिताभ बच्चन पंजाब को सही जवाब बताते हैं। एडवोकेट अरोड़ा का कहना है कि यदि यह क्लिप AI से तैयार की गई है, तो यह अमिताभ बच्चन और चैनल के आधिकारिक जवाब से ही साफ हो पाएगा, जिसके बाद इसे बनाने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
तीन साल पुराने असली एपिसोड से हुई छेड़छाड़, पूछा गया था बिल्कुल अलग सवाल
दूसरी ओर, वायरल हो रहे इस वीडियो की सत्यता की जांच करने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। केबीसी इंडिया के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर करीब तीन साल पहले प्रसारित हुए डॉ. सुमित सेन के एपिसोड के फुटेज का इस्तेमाल कर यह फर्जी क्लिप तैयार की गई है। असली एपिसोड में अमिताभ बच्चन और प्रतिभागी डॉ. सुमित सेन ठीक उन्हीं कपड़ों में नजर आ रहे हैं, लेकिन वहां 6.40 लाख से 12.50 लाख रुपये के लिए पूछा गया 12वां सवाल बिल्कुल अलग था। वास्तविक शो में अमिताभ ने पूछा था कि इनमें से किस कलाकार का जन्म बुडापेस्ट में हुआ था, जिनकी मां हंगेरियन और पिता भारतीय थे। डॉ. सुमित सेन ने इस प्रश्न का गलत उत्तर दिया था, जिसके कारण वे 6.40 लाख से नीचे गिरकर 3.20 लाख रुपये ही जीत पाए थे। वायरल क्लिप में उसी पुराने वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर पंजाब से जुड़ा भ्रामक सवाल जोड़ दिया गया है।




A lawyer from Punjab has sent a legal notice to Amitabh Bachchan and Sony TV




