You are currently viewing जालंधर की नहर में मिली युवक की लाश, शराब पार्टी के बाद दोस्तों से हुई थी बहस; पत्नी ने लगाया हत्या का गंभीर आरोप

जालंधर की नहर में मिली युवक की लाश, शराब पार्टी के बाद दोस्तों से हुई थी बहस; पत्नी ने लगाया हत्या का गंभीर आरोप

जालंधर: शहर की कालिया कॉलोनी के समीप गदाईपुर नहर से रविवार सुबह एक 32 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान न्यू पृथ्वी नगर के हाउस नंबर 10 निवासी विशाल कुमार के रूप में हुई है, जो एक फैक्ट्री में काम करता था। हैरानी की बात यह है कि पुलिस ने नहर से युवक के शव के साथ उसकी स्कूटी (PB-08-P-1888) भी बाहर निकाली है, जिसका इग्निशन यानी चाबी ऑन हालत में मिली है। एक ओर जहां पुलिस इसे संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा मानकर चल रही है, वहीं मृतक के परिजनों ने साथ काम करने वाले दोस्तों पर हत्या कर शव नहर में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है।

रात सवा 8 बजे पत्नी से हुई थी आखिरी बात, तड़के 4 बजे बंद हुआ फोन तो मची तलाश

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब सवा 8 बजे विशाल की अपनी पत्नी से फोन पर बात हुई थी, जिसमें उसने जल्द ही घर लौटने की बात कही थी। लेकिन इसके बाद अचानक उसका फोन उठना बंद हो गया। परिवार वाले रात भर लगातार कॉल करते रहे और फोन की घंटी भी बजती रही, मगर किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। तड़के करीब 4 बजे विशाल का मोबाइल स्विच ऑफ हो गया, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई। पूरी रात परिवार के सदस्य अस्पतालों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश में भटकते रहे। रविवार सुबह जब परिजन फैक्ट्री और घर लौटने वाले रास्ते पर पूछताछ करते हुए गदाईपुर नहर के पास पहुंचे, तो वहां लोगों की भारी भीड़ जमा थी और नहर में विशाल का शव व स्कूटी पड़े मिले। घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-8 के एसएचओ राकेश कुमार और चौकी फोकल प्वाइंट से एएसआई गुरदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया।

शराब और गोलगप्पे की पार्टी के बाद हुआ था विवाद, पत्नी ने इन दोस्तों पर जताया कत्ल का शक

इस दुखद घटना के बाद मृतक की पत्नी, बहन और जीजा ने विशाल के साथ काम करने वाले दोस्तों अजय, अशोक और एक अन्य युवक पर कत्ल का सीधा शक जताया है। परिजनों का कहना है कि ड्यूटी खत्म होने के बाद विशाल अपने इन साथियों के साथ नहर की पुली के पास रुका था, जहां सभी ने मिलकर शराब पी और गोलगप्पे खाए। मौके पर मौजूद गोलगप्पे बेचने वाले ने भी इस बात की पुष्टि की है कि युवक नशे की हालत में था और वहां उनके बीच किसी बात को लेकर तीखी बहसबाजी भी हुई थी। परिजनों का आरोप है कि रात भर फोन करने के बावजूद विशाल के दोस्तों ने उन्हें कोई सही जानकारी नहीं दी और लगातार एक-दूसरे पर बात टालते रहे। परिवार ने यह भी तर्क दिया है कि जिस रास्ते से विशाल आ रहा था, वहां नहर की दीवार काफी ऊंची है और मौके पर फिसलकर गिरने का कोई निशान नहीं है, जिससे साफ जाहिर होता है कि उसे धक्का देकर या हत्या करने के बाद नहर में फेंका गया है।

ऑन हालत में मिली स्कूटी ने उलझाई गुत्थी, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

दूसरी ओर, मामले की जांच कर रहे थाना डिवीजन नंबर-8 के एसएचओ राकेश कुमार ने बताया कि शुरुआती पड़ताल में नहर से स्कूटी चालू यानी ऑन हालत में बरामद हुई है। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि संभवतः वाहन का संतुलन बिगड़ने के कारण विशाल नहर में जा गिरा हो। इसके अलावा, प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी गंभीर बाहरी चोट के निशान भी नहीं दिखे हैं। हालांकि, परिजनों द्वारा लगाए गए हत्या के संगीन आरोपों को देखते हुए पुलिस इस मामले को हल्के में नहीं ले रही है और हर पहलू से गहनता से तफ्तीश की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और साथ ही विशाल के साथ मौजूद रहे दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है।

Body of a young man found in a Jalandhar canal; he had an argument with friends following a drinking