नई दिल्ली: देश के सबसे लोकप्रिय बोतलबंद पानी ब्रांड बिसलेरी ने अपनी गुणवत्ता पर उठ रहे सवालों के बीच सोमवार को आधिकारिक बयान जारी कर बड़ा स्पष्टीकरण दिया है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की ओर से कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दिए जाने की खबरों के बाद बिसलेरी ने दावा किया है कि उसके गोवा स्थित मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से लिए गए पानी के नमूने पूरी तरह तय मानकों के अनुरूप और पीने योग्य हैं। कंपनी ने यह भी चौंकाने वाला दावा किया है कि उन्हें इस कथित कार्रवाई की अब तक न तो कोई हार्ड कॉपी मिली है और न ही ईमेल पर कोई सॉफ्ट कॉपी भेजी गई है।
बिसलेरी ने बताया 14 महीने पुराना मामला, लैब रिपोर्ट्स में अंतर का किया दावा
बिसलेरी ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि मीडिया रिपोर्ट्स में जिस नोटिस की चर्चा हो रही है, वह पूरा प्रकरण करीब 14 महीने पुराना है। कंपनी के मुताबिक, सितंबर 2025 में FSSAI की टीम ने देशभर में स्थित उनके 143 प्लांट्स में से एक गोवा प्लांट से पानी के कुल 6 सैंपल एकत्र किए थे। शुरुआती जांच में 5 सैंपल सभी मानदंडों पर खरे उतरे, जबकि छठे सैंपल में ब्रोमेट का स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाया गया, जो निर्धारित 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर की सीमा से अधिक था। इस जानकारी के बाद बिसलेरी ने 22 नवंबर 2025 को अपील दायर की, जिस पर FSSAI ने उस छठे सैंपल को एक रेफरल लैब में जांच के लिए भेजा। नई जांच में ब्रोमेट की मात्रा तय मानक के भीतर पाई गई, लेकिन इसी रिपोर्ट में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) की मौजूदगी के संकेत मिले।
वेस्टर्न रीजनल ऑफिस में जमा की थी रिपोर्ट, कंपनी ने मान लिया था बंद हो चुका है केस
कंपनी ने आगे कहा कि दोनों प्रयोगशालाओं की जांच रिपोर्ट में अंतर आने से कई गंभीर सवाल खड़े हुए थे। इसके बाद FSSAI द्वारा एक मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में कराई गई जांच में भी ब्रोमेट का स्तर तय मानकों के अंदर ही पाया गया, जिसकी रिपोर्ट कंपनी ने संस्था के वेस्टर्न रीजनल ऑफिस में जमा करवा दी थी। बिसलेरी का कहना है कि रिपोर्ट जमा करने के बाद संस्था की ओर से कोई अन्य जानकारी नहीं दी गई, जिसके चलते कंपनी ने मान लिया था कि यह मामला पूरी तरह बंद हो चुका है। कंपनी ने जोर देकर कहा कि आज की तारीख तक न तो वेबसाइट पर इसकी कोई सूचना है और न ही उन्हें कोई नोटिस प्राप्त हुआ है। बिसलेरी ने दावा किया कि स्वच्छ पेयजल उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और वे 10 चरणों की मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रिया में कुल 90 कड़े गुणवत्ता परीक्षण करते हैं।
FSSAI का सख्त रुख, असुरक्षित घोषित होने के बाद दी मुकदमा चलाने की मंजूरी
दूसरी ओर, नियामक संस्था FSSAI ने इस मामले में बेहद सख्त रुख अपनाया है। प्राधिकरण का कहना है कि गोवा प्लांट का नमूना ब्रोमेट की निर्धारित सीमा के अनुरूप नहीं पाया गया था, जिसके कारण खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत उसे असुरक्षित घोषित किया गया। कंपनी की अपील के बाद जब सैंपल को दोबारा जांच के लिए दूसरी प्रयोगशाला में भेजा गया, तो वहां भी उसमें पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन पाए जाने की पुष्टि हुई और उसे असुरक्षित करार दिया गया। रेगुलेटर के अनुसार, प्रयोगशाला की जांच में कानून के तहत असुरक्षित खाद्य पदार्थ से संबंधित प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन सामने आया है, जिसके आधार पर बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति दी गई है।
बिसलेरी विवाद के बाद अब देशभर के अन्य वाटर ब्रांड्स पर भी कसेगा शिकंजा
बिसलेरी के पानी में केमिकल पाए जाने की खबरों ने आम उपभोक्ताओं के बीच स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, इस बड़े विवाद के सामने आने के बाद अब नियामक एजेंसियां पूरे देश में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर की व्यापक जांच करने की तैयारी में हैं। इसका सीधा मतलब है कि आने वाले दिनों में केवल बिसलेरी ही नहीं, बल्कि बाजार में बिकने वाले अन्य प्रमुख ब्रांड्स के बोतलबंद पानी के नमूनों की भी सख्ती से परख की जाएगी।




Do you also drink Bisleri water? Chemicals found during testing; FSSAI takes major action




