You are currently viewing कल से लापता 7 साल की मासूम का भाखड़ा नहर के पास झाड़ियों में मिला शव, कत्ल के एंगल से जांच में जुटी पुलिस

कल से लापता 7 साल की मासूम का भाखड़ा नहर के पास झाड़ियों में मिला शव, कत्ल के एंगल से जांच में जुटी पुलिस

रोपड़: पंजाब के रोपड़ शहर के साथ लगते नानपुरा गांव से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। कल से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई एक सात वर्षीय मासूम बच्ची का शव सोमवार सुबह घर से कुछ ही दूरी पर भाखड़ा नहर के किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला। इस घटना के सामने आते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही सिटी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और मामला दर्ज कर हर पहलू से गहन जांच शुरू कर दी है।

बिहार से आकर मजदूरी करता है परिवार, दूसरी कक्षा में पढ़ती थी मासूम

मृतक बच्ची की मां माला और पिता बिकास ने पुलिस को बताया कि वे मूल रूप से बिहार के बरगंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत बज्जेपट्टी के रहने वाले हैं और यहां दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिजनों के मुताबिक, उनकी सात साल की बेटी गांव के ही स्कूल में दूसरी कक्षा की छात्रा थी और अपनी दो छोटी बहनों में सबसे बड़ी थी। रविवार को जब बच्ची समय पर घर नहीं लौटी तो परिवार वालों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद चिंतित माता-पिता ने सिटी पुलिस को बच्ची के लापता होने की सूचना दी, जिस पर पुलिस ने उसकी खोजबीन शुरू की।

सोमवार सुबह झाड़ियों में मिला शव, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

तलाश अभियान के बीच सोमवार सुबह परिवार को सूचना मिली कि बच्ची का शव उनके घर से कुछ ही दूरी पर भाखड़ा नहर के पास झाड़ियों में पड़ा हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही सिटी थाना प्रभारी बलविंदर सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक लैब की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, कत्ल के पहलुओं पर भी जांच तेज

प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस इस मामले में हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं कर रही है। सिटी थाना प्रभारी बलविंदर सिंह ने बताया कि बच्ची के पिता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्ची वहां तक कैसे पहुंची या उसके साथ कौन था। थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस की टीमें पूरी मुस्तैदी से काम कर रही हैं और जल्द ही इस पूरे मामले को सुलझा लिया जाएगा।

The body of a 7-year-old innocent child, missing since yesterday, has been found in the bushes