शिलांगः अरुणाचल प्रदेश में खोनसा पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र के विधायक त्रिओंग अबोह समेत कम से कम सात लोगों की आज संदिग्ध नागा उग्रवादियों ने हत्या कर दी। इनके वाहन पर गोलीबारी कर इन्हें मौत के घाट उतार दिया गया। विधायक असम के डिब्रूगढ़ से कोंसा जा रहे थे। इसी बीच वाहन पर उग्रवादियों ने गोलीबारी की।
पुलिस ने कहा कि यह घटना अरुणाचल प्रदेश के तिरप जिले में बोगापानी इलाके में पूर्वान्ह करीब 11.30 बजे हुई। मेघालय के सीएम कोनराड संगमा ने हमले की निंदा की है। तिरप उपायुक्त पीएम थुंगन ने बताया कि अबो असम से अपने विधानसभा क्षेत्र में वापस लौट रहे थे और उस समय उनके साथ चार अन्य लोग और दो पुलिस कर्मी भी थे। जब उनका वाहन जिले के बोगापानी गांव के निकट पहुंचा तो संदिग्ध उग्रवादियों ने उन पर गोलियां चला दीं, जिसमें सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की निंदा करते हुये एनपीपी अध्यक्ष और मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड पी संगमा ने इस मामले में प्रधानमंत्री कार्यालय और केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने ट्वीट करके कहा, एनपीपी इस घटना में अपने विधायक श्री तिरोंग अबो (अरूणाचल प्रदेश) और उनके परिजनों की मौत से स्तब्ध और दुखी है और वे इस दुर्दांत हमले की निंदा करते हैं और पीएमओ एवं राजनाथ सिंह से हमले की इस घटना के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग करते हैं।
जानकारी के मुताबिक अग्रवादियों ने अरुणाचल के तिराप जिले में घात लगाकर यह हमला किया था। हमले के बाद उनलोगों ने विधायक तिरोंग अबोह की कार को भी आग के हवाले कर दिया। हमले के पीछे एनएससीएन उग्रवादी संगठन को जिम्मेदार समझा जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।




