You are currently viewing अमृतसर के 10 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, राष्ट्रगान बंद कर ‘देह शिवा’ गाने का फरमान; पुलिस प्रशासन में हड़कंप

अमृतसर के 10 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, राष्ट्रगान बंद कर ‘देह शिवा’ गाने का फरमान; पुलिस प्रशासन में हड़कंप

अमृतसर: पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए अब अमृतसर के स्कूलों को निशाना बनाया गया है। जिले के करीब 8 से 10 सरकारी और निजी स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इन धमकियों के बाद शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। विशेष रूप से जंडियाला गुरु के गांव मेहरबानपुरा स्थित सरकारी हाई स्कूल को मिले धमकी भरे ईमेल के बाद स्कूल में दहशत का माहौल बन गया है।

धमकी में अजीबोगरीब फरमान: राष्ट्रगान बंद करो

मेहरबानपुरा सरकारी हाई स्कूल को आज सुबह प्राप्त हुई ईमेल में बेहद आपत्तिजनक शर्तें रखी गई हैं। धमकी देने वाले ने लिखा है कि स्कूल में ‘राष्ट्रीय गान’ (National Anthem) का गायन तुरंत बंद किया जाए और उसकी जगह ‘देह शिवा बर मोहे’ शब्द का पाठ किया जाए। ईमेल में स्कूल को 2 बजकर 11 मिनट पर बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी, हालांकि इसमें धमाके की किसी विशेष तारीख का जिक्र नहीं किया गया था।

इन प्रमुख स्कूलों को मिली धमकी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिन शिक्षण संस्थानों को निशाना बनाने की धमकी दी गई है, उनमें प्रमुख नाम शामिल हैं। इनमें श्री गुरु हरकृष्ण पब्लिक स्कूल, स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (मॉल रोड), सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल मानावाला, सरकारी हाई स्कूल मेहरबानपुरा, सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल झीता कलां और टाहली साहिब समेत कुल 10 स्कूल शामिल हैं। एक साथ इतने स्कूलों को धमकी मिलने से एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।

अधिकारियों को दी गई सूचना

मेहरबानपुरा स्कूल के हेडमास्टर मनजिंदर सिंह ने बताया कि धमकी भरा ईमेल देखते ही उन्होंने तुरंत जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी शिक्षा) और पुलिस को सूचित कर दिया। उन्होंने बताया कि आज कड़ाके की ठंड और छुट्टियों के बाद स्कूल खुलने का पहला दिन होने के कारण बच्चों की उपस्थिति पहले से ही कम थी, लेकिन इस खबर के बाद सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस की साइबर सेल टीम ईमेल भेजने वाले का पता लगाने (IP Address ट्रेस करने) में जुट गई है।

Ten schools in Amritsar receive bomb threats; ordered to stop playing the national anthem and instead sing ‘Deh Shiva’.