You are currently viewing भोगपुर में GT रोड पर दुकानों में जा घुसी पराली से भरी ओवरलोड ट्रॉली, ट्रक की टक्कर से हुआ हादसा; शटर और काउंटर चकनाचूर

भोगपुर में GT रोड पर दुकानों में जा घुसी पराली से भरी ओवरलोड ट्रॉली, ट्रक की टक्कर से हुआ हादसा; शटर और काउंटर चकनाचूर

भोगपुर: जालंधर के कस्बा भोगपुर में मुख्य जीटी रोड पर बुधवार सुबह एक भयानक सड़क हादसा होते-होते टल गया। पराली से ठसाठस भरी एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दुकानों में जा घुसी। सुबह के समय बाजार बंद होने के चलते एक बड़ा जानी नुकसान होने से बच गया, लेकिन टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुकानों के शटर और अंदर रखे काउंटर पूरी तरह टूट गए, जिससे दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। पुलिस के अनुसार, यह हादसा जम्मू की तरफ जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर के बाद हुआ।

ट्रक ने मारी साइड, ग्रिल तोड़कर दुकानों में घुसी ट्रॉली
घटना भोगपुर शहर के मेन जीटी रोड पर स्थित एक अहाते के पास की है। मौके पर पहुंचे ट्रैफिक इंचार्ज (एएसआई) रंजीत सिंह ने बताया कि एक ट्रक जम्मू की तरफ जा रहा था। सड़क पार करते समय ट्रक ने पराली से लदी ओवरलोड ट्रॉली को जोरदार साइड मार दी। टक्कर लगते ही ट्रॉली बेकाबू हो गई और सड़क किनारे लगी सुरक्षा ग्रिल को तोड़ती हुई सीधे दुकानों के अंदर जा घुसी। पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रथम दृष्टया हादसे में मुख्य गलती ट्रक चालक की सामने आई है, जिसने अचानक साइड मार दी। हालांकि, पुलिस ने नियमों की धज्जियां उड़ाकर सड़कों पर अत्यधिक पराली लोड करके वाहन चलाने को भी बड़ा खतरा और लापरवाही माना है।

बाल-बाल बची जान, पर दुकानदारों का हुआ भारी नुकसान
हादसे के वक्त सुबह का समय होने के कारण दुकानें बंद थीं और आसपास कोई राहगीर या ग्राहक मौजूद नहीं था, जिसके चलते कोई जनहानि नहीं हुई। बावजूद इसके, टक्कर से दुकानों के भारी लोहे के शटर मुड़ गए और अंदर रखा सारा कीमती सामान व काउंटर चकनाचूर हो गए। पीड़ित दुकानदारों ने बताया कि इस हादसे से उनका काम-धंधा पूरी तरह ठप हो गया है। इसके अलावा दुकानदारों ने आरोप लगाया कि नुकसान की भरपाई करने के बजाय ट्रैक्टर-ट्रॉली मालिक उन पर ही उल्टा दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

ओवरलोड पराली वाहनों पर रोक लगाने की उठ रही मांग
इस दुर्घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और लोगों में भारी आक्रोश फैल गया है। दुकानदारों का कहना है कि पराली और तूड़ी से अत्यधिक लदी ट्रॉलियों के कारण पीछे से आ रहे वाहनों को रास्ता नहीं दिखता और विजिबिलिटी पूरी तरह खत्म हो जाती है, जिससे अक्सर साइड लेते वक्त गाड़ियां टकरा जाती हैं। स्थानीय मार्केट एसोसिएशन और विभिन्न संगठनों ने याद दिलाया कि उन्होंने पहले भी शुगर मिलों और प्रशासनिक अधिकारियों को मांग पत्र सौंपकर ऐसी खतरनाक ओवरलोड गाड़ियों के शहर में प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की थी। दुकानदारों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित दुकानदारों को उचित मुआवजा दिलाने की गुहार लगाई है।

Overloaded trolley filled with stubble crashed into shops on GT Road in Bhogpur following a collision with a truck