You are currently viewing जालंधर के भोगपुर में नशे में धुत्त पुलिसकर्मियों का तांडव, सरकारी गाड़ी से 4 वाहनों को मारी टक्कर, लोगों ने घेराव कर बनाया वीडियो; SHO से की शिकायत

जालंधर के भोगपुर में नशे में धुत्त पुलिसकर्मियों का तांडव, सरकारी गाड़ी से 4 वाहनों को मारी टक्कर, लोगों ने घेराव कर बनाया वीडियो; SHO से की शिकायत

जालंधर: जालंधर ग्रामीण के अंतर्गत आते कस्बा भोगपुर में खाकी को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। शराब के नशे में बुरी तरह धुत्त पुलिसकर्मियों ने अपनी सरकारी गाड़ी से सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन से चार गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और एक कार का टायर तक फट गया। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मौके पर ही पुलिस वाहन को चारों तरफ से घेर लिया और जमकर हंगामा किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है।

नशे में लड़खड़ाए पुलिसकर्मी, गाड़ी से उतरने तक की नहीं रही सुध
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोमवार देर रात भोगपुर क्षेत्र में सरकारी गाड़ी चला रहे पुलिसकर्मी इतने भारी नशे में थे कि उनसे स्टीयरिंग तक नहीं संभल रहा था। अनियंत्रित रफ्तार से दौड़ रही सरकारी गाड़ी ने एक के बाद एक कई वाहनों में टक्कर दे मारी। हादसे के तुरंत बाद जब राहगीरों और दुकानदारों ने गाड़ी को रोककर पुलिसकर्मियों को बाहर निकलने को कहा, तो वे गाड़ी के भीतर ही बैठे रहे और बाहर आने की हिम्मत तक नहीं जुटा सके।

आम लोगों पर चालान, नशे में धुत पुलिस पर कार्रवाई कौन करेगा?
घटनास्थल पर जुटे लोगों ने तुरंत अपने मोबाइल फोन निकाले और पुलिसकर्मियों की हालत व क्षतिग्रस्त गाड़ियों की वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी। वायरल वीडियो में लोग गुस्से में सवाल उठाते नजर आ रहे हैं कि जब कोई आम नागरिक थोड़ी सी भी यातायात नियमों की अनदेखी करता है, तो पुलिस तुरंत उसका चालान काट देती है। लेकिन जब कानून के रखवाले खुद शराब के नशे में चूर होकर सड़कों पर गाड़ियां ठोक रहे हैं और मासूम लोगों की जान जोखिम में डाल रहे हैं, तो उन पर कार्रवाई कौन करेगा?

मौके से SHO को मिलाया फोन, सख्त कार्रवाई की उठी मांग
मामले की गंभीरता और बढ़ते जनआक्रोश को देखते हुए स्थानीय लोगों ने फौरन संबंधित थाना प्रभारी (SHO) को फोन कर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। लोगों ने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली पुलिस का ऐसा गैर-जिम्मेदाराना और खतरनाक आचरण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्षेत्रीय नागरिकों ने उच्च पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि नशे में गाड़ी चलाकर दूसरों की जान को खतरे में डालने वाले इन पुलिसकर्मियों का तुरंत मेडिकल कराया जाए और उनके खिलाफ विभागीय व कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।

Intoxicated police personnel went on a rampage in Bhogpur, Jalandhar, ramming their official vehicle into four other vehicles