पटियाला: पंजाब के पटियाला जिले के पातड़ां उपमंडल से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले 10वीं कक्षा के 17 वर्षीय छात्र जश्नप्रीत सिंह ने अपने सहपाठी द्वारा लगाए गए आईफोन चोरी के आरोपों और लगातार की जा रही मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। चंडीगढ़ पीजीआई (PGI) में करीब 18 दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद आखिरकार उसने दम तोड़ दिया। जश्नप्रीत अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। पुलिस ने मृतक छात्र के पिता की शिकायत पर एक नाबालिग सहपाठी और तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
विदेश से आए आईफोन के गायब होने पर जश्नप्रीत पर मढ़ा शक
यह दुखद घटना गांव दुताल के निवासी मनप्रीत सिंह के बेटे जश्नप्रीत सिंह के साथ घटी। परिजनों के अनुसार, जश्नप्रीत के साथ उसी कक्षा में पढ़ने वाला एक छात्र बिना परिजनों को बताए स्कूल में महंगा आईफोन लेकर आया था। छात्र का दावा था कि यह फोन उसके भाई को विदेश में रहने वाले किसी रिश्तेदार ने उपहार में दिया था। स्कूल परिसर से फोन रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हो गया, जिसके बाद उस छात्र ने बिना किसी सबूत के सारा शक जश्नप्रीत पर मढ़ दिया।
स्कूल प्रबंधन ने परिजनों को अंधेरे में रखा, बाहर होती रही प्रताड़ना
फोन गायब होने का विवाद जब स्कूल प्रबंधन के पास पहुंचा, तो अध्यापकों ने दोनों छात्रों से पूछताछ की। जश्नप्रीत ने फोन चोरी करने से साफ इनकार कर दिया। परिजनों का गंभीर आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने इस संवेदनशील मामले की कोई जानकारी जश्नप्रीत के परिवार को नहीं दी और मामले को आंतरिक स्तर पर ही दबाने की कोशिश की।
स्कूल में मामला शांत होने के बावजूद आरोपी छात्र और उसके साथी बाज नहीं आए। आरोप है कि वह कक्षा में जश्नप्रीत पर लगातार छींटाकशी करता था और स्कूल के बाहर रास्ते में अपने 2-3 साथियों के साथ उसे रोककर धमकी देता था और फोन वापस करने का दबाव बनाता था। बार-बार बेगुनाही साबित करने के बावजूद लगातार हो रहे अपमान और मानसिक दबाव को जश्नप्रीत सहन नहीं कर सका।
16 सितंबर को निगला जहर, PGI में इलाज के दौरान तोड़ा दम
लगातार हो रही बदनामी और प्रताड़ना से आहत होकर जश्नप्रीत ने 16 सितंबर को स्कूल के बाद खेत में ट्यूबवेल के पास जाकर कीटनाशक दवा निगल ली। गंभीर हालत में उसे पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ सुधार होने पर छुट्टी मिल गई। हालांकि, 25 सितंबर को उसकी तबीयत अचानक फिर बिगड़ गई, जिसके बाद उसे पटियाला के राजिंदरा अस्पताल ले जाया गया। वहां से नाजुक हालत को देखते हुए 4 अक्टूबर को उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां जिंदगी की जंग लड़ते हुए उसने दम तोड़ दिया।
आरोपी छात्र और 3 अज्ञात साथियों पर केस दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
बेटे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पातड़ां थाना प्रभारी साहब सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर नामजद आरोपी छात्र और उसके तीन अज्ञात साथियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही है कि वास्तव में स्कूल में आईफोन चोरी की क्या घटना घटी थी, स्कूल प्रबंधन की क्या भूमिका रही और रास्ते में छात्र को धमकाने वाले बाकी तीन अज्ञात युवक कौन थे।


Distraught over a false accusation of stealing an iPhone at school, a student swallowed poison and passed away at PGI after 18 days




