You are currently viewing पराली जलाने के मामलों में 12% की गिरावट के बावजूद पंजाब की हवा हुई ज्यादा जहरीली, AQI 102 पहुंचा; ये शहर सबसे ज्यादा प्रदूषित

पराली जलाने के मामलों में 12% की गिरावट के बावजूद पंजाब की हवा हुई ज्यादा जहरीली, AQI 102 पहुंचा; ये शहर सबसे ज्यादा प्रदूषित

चंडीगढ़: पंजाब में चालू खरीफ विपणन सत्र के दौरान खेतों में पराली जलाने (फार्म फायर) के मामलों में कमी आने के बावजूद राज्य की आबो-हवा पिछले साल की तुलना में अधिक प्रदूषित दर्ज की गई है। सैटेलाइट और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के ताजा आंकड़ों ने पर्यावरण विशेषज्ञों को हैरान कर दिया है। 15 सितंबर से 5 अक्टूबर के बीच राज्य में पराली जलाने की घटनाओं में करीब 12 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन इसके उलट राज्य के प्रमुख शहरों का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) सुधरने के बजाय 16 फीसदी तक ज्यादा बिगड़ गया।

मामलों में कमी, फिर भी हवा में घुला जहर
पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, 16 सितंबर से 30 सितंबर के दौरान राज्य का औसत एक्यूआई वर्ष 2025 में 77 दर्ज किया गया था, जो 2026 की इसी अवधि में बढ़कर 89 तक पहुंच गया। यह पिछले साल की तुलना में करीब 16 फीसदी की वृद्धि दर्शाता है। इसी तरह अक्टूबर के पहले पांच दिनों में भी प्रदूषण का स्तर काफी गंभीर रहा। वर्ष 2025 में 1 से 5 अक्टूबर के बीच औसत एक्यूआई 90 था, जो 2026 में 14 फीसदी की छलांग लगाकर 102 पर पहुंच गया, जो संतोषजनक श्रेणी से फिसलकर मध्यम और खराब श्रेणी के मुहाने पर पहुंच गया है।

मंडी गोबिंदगढ़ और जालंधर की स्थिति सबसे ज्यादा खराब
शहरवार स्थिति पर नजर डालें तो ‘लोहा नगरी’ मंडी गोबिंदगढ़ की हवा सबसे ज्यादा जहरीली रही। यहां सितंबर का औसत एक्यूआई 2025 के 109 के मुकाबले 2026 में 146 दर्ज हुआ, जबकि अक्टूबर के शुरुआती पांच दिनों में यह आंकड़ा 152 तक पहुंच गया। जालंधर में भी वायु गुणवत्ता में भारी गिरावट देखी गई, जहां अक्टूबर के पहले पांच दिनों का औसत एक्यूआई पिछले साल के 72 के मुकाबले तेजी से उछलकर 121 पर पहुंच गया। लुधियाना में भी सितंबर का एक्यूआई 63 से बढ़कर 80 और अक्टूबर में 102 दर्ज किया गया। पटियाला में सितंबर में थोड़ी राहत जरूर दिखी, लेकिन अक्टूबर आते ही यहां भी एक्यूआई 68 से बढ़कर 99 पर पहुंच गया।

तरनतारन और अमृतसर बने हॉटस्पॉट, 80 फीसदी मामले यहीं से
सैटेलाइट डेटा के अनुसार, 15 सितंबर से 5 अक्टूबर तक राज्य में पराली जलाने के कुल 84 मामले दर्ज किए गए, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह संख्या 95 थी। अमृतसर में मामले 55 से घटकर 49 और पटियाला में 10 से घटकर 2 रह गए। हालांकि, कुछ जिलों में स्थिति बिगड़ी भी है; तरनतारन में पराली जलाने की घटनाएं 11 से बढ़कर 18, फिरोजपुर में 1 से 5 और गुरदासपुर में शून्य से बढ़कर 3 हो गईं। अकेले अमृतसर और तरनतारन जिले राज्य के सबसे बड़े हॉटस्पॉट बने हुए हैं, जहां राज्य की कुल पराली जलाने की घटनाओं के करीब 80 फीसदी मामले सामने आए हैं।

केवल पराली ही नहीं, मौसम और स्थानीय उत्सर्जन भी जिम्मेदार
पराली के मामले कम होने के बाद भी एक्यूआई बिगड़ने पर पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि हवा की गुणवत्ता केवल खेतों की आग पर निर्भर नहीं करती। हवा की धीमी गति, वातावरण में नमी, तापमान में गिरावट, वाहनों से निकलने वाला धुआं, औद्योगिक उत्सर्जन और सड़कों की धूल जैसे स्थानीय कारक भी प्रदूषक कणों (PM2.5 और PM10) को निचली सतह पर जमा कर देते हैं। अनुकूल मौसमी परिस्थितियों के अभाव में स्थानीय प्रदूषण हवा में लंबे समय तक टिका रहता है, जिससे समग्र वायु गुणवत्ता बदतर हो रही है।

Despite a 12% drop in stubble burning incidents, Punjab’s air has become more toxic, with the AQI reaching 102