रादौर : हरियाणा के रादौर में पड़ते एक निजी कालेज की महिला लैक्चरार के मोबाइल व ईमेल पर अश्लील मैसेज भेजकर 2 युवकों ने ब्लैकमेल कर उससे 1 लाख रुपए की मांग की। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर दोनों युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। यमुनानगर निवासी महिला ने रादौर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रादौर के निजी कालेज में लैक्चरार है। 18 दिसम्बर 2018 को उसके मोबाइल व ईमेल अकाऊंट पर किसी व्यक्ति ने अश्लील फोटो डाल दिए।
उस समय उसने इस घटना को नजरअंदाज कर दिया। मगर उसके बाद फिर से उसके मोबाइल व ईमेल पर गलत मैसेज आने लगे। इसके बाद नामजद उसे ब्लैकमेल करने लगे और उससे 1 लाख रुपए की मांग की। पैसे न देने पर नामजद दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। उसने जब अपने स्तर पर नामजद के बारे में पहचान करने का प्रयास किया तो उनकी पहचान हरिद्वार के गांव मजदपुर निवासी धर्मेंद्र सिंह, विपिन के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक धर्मेंद्र का रूड़की में पैट्रोल पम्प है। नामजद विपिन उसके पम्प पर मैनेजर है।




