लुधियाना: पंजाब में चलती ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। लुधियाना के पास दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस पर शरारती तत्वों द्वारा जोरदार पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में ट्रेन के एक कोच की खिड़की के तीन शीशे पूरी तरह टूट गए, जिससे यात्रियों में भारी दहशत फैल गई। गनीमत रही कि पत्थर सीधे किसी यात्री को नहीं लगा, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने इसे आपराधिक कृत्य मानते हुए अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लुधियाना से पहले बाईं तरफ से फेंके गए भारी पत्थर
जानकारी के अनुसार, ट्रेन नंबर 14679 दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस जब लुधियाना पहुंचने वाली थी, तभी अचानक ट्रेन के बाईं तरफ से जोरदार पथराव हुआ। अचानक हुए इस हमले से बोगी में बैठे यात्री सहम गए। 6 अक्टूबर को फिरोजपुर मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष को ट्रेन पर पत्थरबाजी की सूचना मिली थी, जिसके बाद आरपीएफ के उप निरीक्षक विजयपाल सिंह और एएसआई चमन लाल ने ट्रैक के आसपास जांच की, लेकिन उस वक्त कोई संदिग्ध नहीं मिला और शिकायतकर्ता का संपर्क नंबर न होने से सटीक लोकेशन स्पष्ट नहीं हो पाई थी।
अमृतसर पहुंचने पर जांच में खुली पोल, संयुक्त नोट तैयार
घटना की पुष्टि उस समय हुई जब 7 अक्टूबर को ट्रेन रात करीब 10:25 बजे अपने अंतिम गंतव्य अमृतसर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर पहुंची। आरपीएफ अमृतसर पोस्ट के एएसआई रणवीर सिंह, सीएंडडब्ल्यू स्टाफ और जेई रोहित कुमार की टीम ने बोगियों का मुआयना किया। जांच में कोच संख्या NR 246321 (LWSCZ) की सीट नंबर 43, 44 और 45 के पास लगी खिड़की के दोनों तरफ के तीन शीशे बुरी तरह टूटे पाए गए। रेलवे अधिकारियों ने मौके पर ही नुकसान का आकलन कर संयुक्त जांच नोट तैयार किया।
रेलवे एक्ट की गंभीर धाराओं में केस, फुटेज खंगाल रही पुलिस
चलती ट्रेन पर पथराव को यात्रियों और रेलकर्मियों की सुरक्षा में गंभीर आपराधिक हस्तक्षेप मानते हुए आरपीएफ ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 153 और 147 के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामले की कमान उप निरीक्षक विजयपाल सिंह को सौंपी गई है। सुरक्षा एजेंसियां अब लुधियाना ट्रैक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और यात्रियों द्वारा बनाए गए वीडियो फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने में जुटी हैं।


Delhi Intercity Express pelted with stones near Ludhiana; three coach window panes shattered




