You are currently viewing हैवानियत की हदें पार: शादी के बहाने प्रेमी ने किया रेप, फिर मदद के नाम पर दूसरे दरिंदे ने आबरू लूट चौथी मंजिल से फेंका

हैवानियत की हदें पार: शादी के बहाने प्रेमी ने किया रेप, फिर मदद के नाम पर दूसरे दरिंदे ने आबरू लूट चौथी मंजिल से फेंका

जगतसिंहपुर: ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 23 वर्षीय युवती के साथ एक ही दिन में दो अलग-अलग स्थानों पर दुष्कर्म की खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। हैवानियत का सिलसिला यहीं नहीं रुका, बल्कि दूसरे दरिंदे ने अपना जुर्म छिपाने के लिए पीड़िता को चार मंजिला इमारत की छत से नीचे धक्का दे दिया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों दरिंदों को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रेमी ने शादी का झांसा देकर लूटी आबरू

पुलिस के अनुसार यह खौफनाक घटना 22 फरवरी की है। सुबह करीब 10 बजे युवती अपने प्रेमी सोमनाथ ओझा के साथ भागकर शादी करने के इरादे से घर से निकली थी। सोमनाथ ने उसे जगतसिंहपुर के सरला मंदिर में बुलाया था, लेकिन वह उसे शादी करने की बजाय एक सुनसान जगह पर ले गया। वहां उसने युवती के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया और फिर उसे बेसहारा हालत में रहमा बस स्टैंड पर छोड़कर मौके से फरार हो गया।

मदद के नाम पर दूसरे हैवान ने किया दुष्कर्म और हत्या

प्रेमी से धोखा खाने के बाद युवती बस स्टैंड पर काफी देर तक अकेली और बदहवास हालत में खड़ी थी। इसी दौरान झारखंड के धनबाद का रहने वाला शुभम कुमार सिंह नाम का एक बाइक सवार युवक वहां पहुंचा। उसने मदद का झांसा देकर युवती को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का भरोसा दिया और उसे पारादीप स्थित अपने किराए के मकान पर ले गया। पुलिस अधीक्षक अंकित कुमार वर्मा ने बताया कि शुभम ने छत पर ले जाकर युवती के साथ दोबारा दुष्कर्म किया। इसके बाद अपना अपराध छिपाने और सबूत मिटाने की नीयत से उसने पीड़िता को चौथी मंजिल से नीचे धक्का दे दिया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

भाई की शिकायत पर पुलिस का कड़ा एक्शन

जब 22 फरवरी की शाम तक युवती घर नहीं लौटी, तो उसके भाई ने 23 तारीख को तिरतोल पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अगली सुबह युवती का शव बरामद होने के बाद पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया। इसके बाद 25 फरवरी को भाई द्वारा पारादीप मॉडल पुलिस स्टेशन में दी गई लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या और दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनकी मोटरसाइकिल व मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। दोनों आरोपियों पर अपहरण, दुष्कर्म और हत्या सहित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश करने की तैयारी की जा रही है। 

Limits of brutality crossed: Lover raped on the pretext of marriage, then in the name of help, another beast