हरियाणा में बदमाशों के हौंसले बुलंद हैं. इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वो दिनदहाड़े रिहायशी इलाकों में भी गोली चलाने से नहीं डरते. ताजा मामला रोहतक की साईंदास कॉलोनी का है, जहां गोली चलने की आवाज सुनकर लोगों में हड़कंप मच गया.दरअसल एक स्कूल वैन चालक पर युवक ने गोली चला दी. वैन चालक हादसे में बाल-बाल बच गया.आरोपी ने जब फायर किया उस समय गाड़ी में बच्चे भी मौजूद थे

सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक की शिकायत पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी.
हमलावर मौके से फरार हो गये.पीड़ित अजमेर ने बताया कि वह आज सुबह रोजाना की तरह स्कूल के बच्चों को लेने के लिये साईंदास कॉलोनी में आया था. उसी दौरान दो युवक आए और उनमें से एक ने परिचालक साईड की खिड़की खोलकर उस पर फायर कर दिया. दूसरी बार फायर करने पर गोली नहीं चली. इसके बाद उसका दूसरा साथी भी आया और उसने ईंट मारी. इस पर अजमेर जान बचाने के लिये भाग खड़ा हुआ.हमलावर भी मौके से फरार हो गये.
फिलहाल पुलिस ने वैन चालक की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस की मानें तो जल्द ही आरोपी उनकी गिरफ्त में होंगे




