You are currently viewing ‘सिक्योरिटी गार्ड ने गलत जगह छुआ…’, बब्बू मान के जर्मनी शो में पाकिस्तानी इन्फ्लुएंसर का हंगामा; रोते हुए मांगा इंसाफ

‘सिक्योरिटी गार्ड ने गलत जगह छुआ…’, बब्बू मान के जर्मनी शो में पाकिस्तानी इन्फ्लुएंसर का हंगामा; रोते हुए मांगा इंसाफ

जालंधर: मशहूर पंजाबी सिंगर बब्बू मान के जर्मनी में हुए लाइव कॉन्सर्ट में भारी बवाल मच गया है। पाकिस्तान की मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और टिकटॉकर अलीजा सहर ने बब्बू मान की सुरक्षा टीम पर बेहद गंभीर और सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। 10 अप्रैल को सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो शेयर करते हुए अलीजा फूट-फूट कर रोईं और दावा किया कि शो के दौरान बाउंसर्स ने उनके साथ बदसलूकी की और उन्हें गलत तरीके से छुआ। इस घटना के बाद से इंटरनेट पर हंगामा बरपा हुआ है।

‘बब्बू मान लें एक्शन…’, रोते हुए लगाए छेड़छाड़ के आरोप

खुद को बब्बू मान की बहुत बड़ी प्रशंसक बताने वाली अलीजा सहर ने अपने वायरल वीडियो में कहा कि वह 6 अप्रैल को फ्रैंकफर्ट में हुए शो में अपने पसंदीदा गायक से मिलने गई थीं। उन्होंने आरोप लगाया है कि जब वह बैकस्टेज जाने की कोशिश कर रही थीं, तो वहां तैनात सिक्योरिटी गार्ड्स ने उनकी ब्रेस्ट पर हाथ लगाया और उन्हें गलत ढंग से छुआ। वीडियो में रोते हुए अलीजा ने कहा कि वह अपने चहेते स्टार से मिल भी नहीं पाईं और इस घटना से उनका दिल बुरी तरह टूट गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें सिंगर बब्बू मान से इंसाफ की पूरी उम्मीद है और वह चाहती हैं कि बब्बू मान अपनी सिक्योरिटी टीम से इस शर्मनाक हरकत के लिए कड़ाई से जवाब मांगें।

VVIP पास के जरिए बैकस्टेज जाना चाहती थीं अलीजा

जानकारी के अनुसार, बब्बू मान का यह लाइव कॉन्सर्ट उनके मौजूदा यूरोप टूर का एक प्रमुख हिस्सा था, जिसमें हजारों की संख्या में प्रशंसकों की भीड़ उमड़ी थी। इन दिनों यूरोप की यात्रा पर निकलीं अलीजा सहर भी अपने कुछ साथियों के साथ यह शो देखने पहुंची थीं। बताया जा रहा है कि अलीजा के पास VVIP पास था और वह इसी के जरिए बब्बू मान से मिलकर उनके साथ एक वीडियो शूट करना चाहती थीं। लेकिन, शो की सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे विदेशी और स्थानीय बाउंसर्स ने उन्हें बैकस्टेज जाने से रोक दिया, जिसके बाद इन्फ्लुएंसर और सुरक्षाकर्मियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।

आयोजकों ने आरोपों को किया सिरे से खारिज

एक तरफ जहां पाकिस्तानी इन्फ्लुएंसर इस मामले में लगातार न्याय की गुहार लगा रही हैं, वहीं दूसरी तरफ शो के आयोजकों ने इन सभी आरोपों को सिरे से नकार दिया है। प्रोमोटर ‘ए वन इवेंट्स’ और ‘पिंड प्राइम’ के प्रबंधकों ने अपनी सफाई में स्पष्ट किया है कि कॉन्सर्ट के दौरान कलाकार की सुरक्षा बेहद कड़ी रखी गई थी। प्रबंधकों के मुताबिक, कई लोगों के पास बैकस्टेज जाने का वैध पास नहीं था, इसलिए सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए उन्हें अंदर जाने से रोका गया था। आयोजकों का साफ कहना है कि किसी भी प्रशंसक के साथ कोई बदसलूकी नहीं की गई है। फिलहाल इस पूरे विवाद पर बब्बू मान की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। 

‘The security guard touched me inappropriately…’ – Pakistani influencer creates a scene at Babbu Maan