You are currently viewing रोंगटे खड़े कर देगी पंजाब की ये वारदात, GF से बदसलूकी का विरोध किया तो BF को 35 फीट ऊंचे पुल से फेंका; हालत गंभीर

रोंगटे खड़े कर देगी पंजाब की ये वारदात, GF से बदसलूकी का विरोध किया तो BF को 35 फीट ऊंचे पुल से फेंका; हालत गंभीर

मोहाली: पंजाब के मोहाली में लुधियाना-खरड़ हाईवे पर आधी रात को एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां निहंग के भेष में आए तीन हथियारबंद बदमाशों ने एक बाइक सवार कपल को रोककर न सिर्फ लूटपाट की, बल्कि लड़की के साथ बदसलूकी भी की। जब युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड को बचाने के लिए बदमाशों का डटकर विरोध किया, तो उन्होंने उसे 35 फुट ऊंचे फ्लाईओवर से नीचे फेंक दिया। इस जानलेवा हमले में युवक की रीढ़ की हड्डी टूट गई है और उसे बेहद गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आधी रात को तलवार के दम पर रोका

चंडीगढ़ के सेक्टर-41 में रहने वाले पीड़ित अंकित ने बताया कि यह रूह कंपा देने वाली घटना गुरुवार रात करीब दो बजे की है। वह अपनी दोस्त के साथ बाइक पर सीयू रोड से खरड़ की तरफ जा रहा था। तभी अचानक सुनसान सड़क पर हाथ में नंगी तलवारें लिए तीन युवक उनके सामने आ गए। तीनों ने निहंगों वाला बाणा (वेशभूषा) पहना हुआ था। उन्होंने तलवार का खौफ दिखाकर बाइक रोकने का इशारा किया और रुकते ही मोबाइल फोन व जेब में रखा सारा सामान सौंपने की धमकी दी।

चाबी फेंकी तो गर्लफ्रेंड को घेरा और की बदसलूकी

खतरे को भांपते हुए अंकित ने समझदारी दिखाते हुए अपनी बाइक की चाबी दूर अंधेरे में फेंक दी, ताकि बदमाश उनकी बाइक लूटकर न भाग सकें। इस बात से बौखलाए आरोपियों ने उसकी दोस्त को घेर लिया। उन्होंने डरा-धमका कर लड़की का मोबाइल फोन, चांदी की चेन और यहां तक कि नाक का सोने का कोका भी जबरन उतरवा लिया। जब लड़की ने इस लूटपाट का विरोध किया, तो बदमाशों ने उसके साथ बदतमीजी करनी शुरू कर दी।

35 फुट ऊंचे फ्लाईओवर से नीचे फेंका

अपनी दोस्त के साथ हो रही इस ज्यादती को देखकर जब अंकित बदमाशों से भिड़ गया, तो तीनों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। हाथापाई के दौरान आरोपियों ने उसे 35 फुट ऊंचे फ्लाईओवर से सीधे नीचे फेंक दिया और वहां से फरार हो गए। इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण अंकित बुरी तरह से घायल हो गया।

खुद एंबुलेंस बुलाकर पहुंचा अस्पताल, फोन की लोकेशन मिली

गंभीर दर्द से तड़पते हुए अंकित ने खुद ही हिम्मत जुटाकर एंबुलेंस को फोन किया। उसे तुरंत खरड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों की जांच में पता चला कि उसकी रीढ़ की हड्डी (स्पाइनल कॉर्ड) का एल-4 हिस्सा पूरी तरह से फ्रैक्चर हो गया है। हालत की गंभीरता को देखते हुए उसे चंडीगढ़ के जीएमसीएच-32 रेफर कर दिया गया है, जहां उसकी सर्जरी की तैयारी चल रही है। पीड़ित ने पुलिस को बताया है कि बदमाश उसकी दोस्त का जो फोन लूट ले गए हैं, उसकी लोकेशन मोरिंडा की आ रही है। पुलिस अब मामले की कार्रवाई में जुट गई है। 

This Incident in Punjab Will Send Shivers Down Your Spine: Boyfriend Thrown Off 35-Foot-High Bridge