चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। इसके बाद कर्मचारियों का DA 42 प्रतिशत से बढ़कर 50 प्रतिशत हो गया है। वित्त विभाग ने बुधवार को इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी किया। नई दर 1 सितंबर 2026 से प्रभावी मानी जाएगी।
सितंबर के वेतन में मिलेगा बढ़े हुए DA का लाभ
वित्त विभाग की अधिसूचना के अनुसार, कर्मचारियों को अब संशोधित दर के आधार पर DA का भुगतान किया जाएगा। विभाग ने आदेश की प्रतियां सभी संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों और विभागाध्यक्षों को भेज दी हैं, ताकि बढ़ी हुई दर के अनुसार वेतन का भुगतान किया जा सके।
इससे पहले 18 सितंबर को सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनरों के साथ बैठक के बाद 8 प्रतिशत DA बढ़ाने की घोषणा की थी। उस समय बताया गया था कि बढ़ोतरी दो 4-4 प्रतिशत की किस्तों में दी जाएगी और सितंबर के वेतन के साथ इसका लाभ मिलना शुरू होगा। बाद में 23 सितंबर को वित्त विभाग ने संशोधित दर को लेकर औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी।
करीब 8 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को राहत
सरकार की घोषणा के अनुसार, इस फैसले से राज्य के करीब 8 लाख कर्मचारी और पेंशनर प्रभावित होंगे। DA बढ़ोतरी से कर्मचारियों को महंगाई के बीच अतिरिक्त वित्तीय राहत मिलने की उम्मीद है।
DA के बकाया को लेकर हाईकोर्ट में मामला
DA बढ़ोतरी के साथ ही कर्मचारियों के लंबित DA/DR बकाये का मामला भी अदालत में चल रहा है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने 22 सितंबर को पंजाब के मुख्य सचिव को 5 अक्टूबर को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने का निर्देश दिया है। मामला लंबित DA भुगतान से जुड़ा है। वित्त विभाग ने नए DA आदेश की प्रतियां विशेष मुख्य सचिवों, अतिरिक्त मुख्य सचिवों, वित्तीय आयुक्तों, प्रधान सचिवों, प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, मंडलायुक्तों और उपायुक्तों समेत संबंधित अधिकारियों को भेज दी हैं।


Big gift for Punjab government employees: 8% hike in DA; dearness allowance to now stand at 50%




