जालंधर: शहर में अपराध की रोकथाम और आम जनता की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत दो बेहद कड़े आदेश जारी किए हैं। नए नियमों के अनुसार, अब शहर में बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP), टूटी हुई या छेड़छाड़ वाली नंबर प्लेट वाले किसी भी वाहन को पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल, डीजल या सीएनजी नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही शहर के सभी रेस्टोरेंट, ढाबों, कैफे, बार और मैरिज हॉलों में हथियार लेकर जाने और उनके प्रदर्शन पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।
पेट्रोल पंपों पर 2 महीने की CCTV फुटेज संभालना अनिवार्य
डीसीपी (लॉ एंड ऑर्डर) जसरूप बाठ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अक्सर आपराधिक वारदातों में बिना नंबर प्लेट या गलत नंबर प्लेट वाले वाहनों का इस्तेमाल देखा जाता है। इस पर रोक लगाने के लिए पेट्रोल पंपों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे वाहनों में कतई ईंधन न भरें। इसके अलावा सभी पेट्रोल पंप संचालकों के लिए एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स और तेल डिस्पेंसिंग मशीनों के पास सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। पंप मालिकों को सीसीटीवी फुटेज कम से कम 2 महीने तक सुरक्षित रखनी होगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में जांच में मदद मिल सके।
कैफे और रेस्टोरेंट बनेंगे ‘फायरआर्म फ्री जोन’, लगाने होंगे बोर्ड
दूसरे अहम आदेश की जानकारी देते हुए डीसीपी ने बताया कि कई बार युवा या हथियार लाइसेंस धारक कैफे, रेस्टोरेंट और बार में हथियार लेकर पहुंचते हैं और टेबल पर रखकर उनका प्रदर्शन करते हैं, जो आर्म्स एक्ट का खुला उल्लंघन है। पुलिस ने शहर के सभी कैफे, होटल, बार और रेस्टोरेंट मालिकों से अपील की है कि वे कमिश्नरेट पुलिस के पास खुद को ‘फायरआर्म फ्री जोन’ के रूप में पंजीकृत करवाएं। एक बार रजिस्टर होने के बाद इन परिसरों में लाइसेंसी अथवा अवैध, किसी भी प्रकार का हथियार ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
आदेश न मानने वालों पर आर्म्स एक्ट और BNS के तहत होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने सभी प्रतिष्ठान मालिकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने परिसरों में स्पष्ट रूप से बोर्ड लगाकर प्रदर्शित करें कि यह ‘फायरआर्म फ्री जोन’ है और यहां हथियार लाना सख्त मना है। यदि कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करता है या माहौल खराब करने की कोशिश करता है, तो तुरंत संबंधित एसएचओ, एसीपी या एडीसीपी को सूचित किया जाए। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उनके हथियार लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। अमृतसर के बाद अब जालंधर में भी यह कड़े नियम प्रभावी कर दिए गए हैं।


Strict directive from Jalandhar Police: vehicles without HSRP will not be supplied with petrol or diesel; carrying weapons




