You are currently viewing जालंधर में नशेड़ी कार चालक की करतूत, बंद गली में खेल रही डेढ़ साल की बच्ची पर चढ़ा दी कार- मौत

जालंधर में नशेड़ी कार चालक की करतूत, बंद गली में खेल रही डेढ़ साल की बच्ची पर चढ़ा दी कार- मौत

जालंधर: शहर के मिठापुर इलाके में दिल दहला देने वाला दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां घर के बाहर खेल रही मात्र डेढ़ साल की मासूम बच्ची को पड़ोस में रहने वाले एक कार चालक ने बेरहमी से कुचल दिया। खून से लथपथ बच्ची को परिजन तुरंत अस्पताल लेकर भागे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि कार चालक बुरी तरह नशे में धुत था और हादसे के बाद मौके से भागकर अपनी कोठी में छिप गया। इतना ही नहीं, पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि आरोपी पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचकर मामले को पैसे देकर रफा-दफा करने का भारी दबाव बना रहे हैं।

बंद गली में खेल रही थी मासूम, बिना हॉर्न बजाए चढ़ा दी कार
यह हृदयविदारक घटना मंगलवार रात करीब 8:30 बजे मिठापुर स्थित ‘घोड़े वाली कोठी’ के नजदीक घटी। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले का रहने वाला यह गरीब परिवार यहां किराए के मकान में रहता है। परिवार में सात भाई-बहनों में यह बच्ची सबसे छोटी थी। हादसे के वक्त बच्ची घर के गेट के ठीक सामने बैठी खेल रही थी और उसकी मां भी पास में ही मौजूद थी। इसी दौरान पड़ोस का रहने वाला कार चालक तेजी से गाड़ी लेकर आया और बिना कोई हॉर्न दिए बच्ची को कुचलते हुए निकल गया। परिजनों के अनुसार, जिस गली में यह हादसा हुआ वह ‘डेड एंड’ (बंद गली) है, जहां वाहनों की कोई तेज आवाजाही नहीं होती।

पिम्स में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम
घटना के तुरंत बाद परिजन लहुलूहान बच्ची को आनन-फानन में पिम्स (PIMS) अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम और कानूनी औपचारिकताओं के लिए सिविल अस्पताल लाया गया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

अस्पताल पहुंचकर समझौते का दबाव, पुलिस की ढिलाई पर उठे सवाल
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए ढुलमुल रवैया अपनाने और आरोपी पक्ष को शह देने का आरोप लगाया है। मां रूपा ने बताया कि आरोपी पक्ष के लोग सीधे अस्पताल पहुंच गए थे और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए मामले को दबाने व समझौता करने का दबाव बनाने लगे। परिजनों का कहना है कि घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में पूरी वारदात कैद हुई है, लेकिन पुलिस ने अभी तक फुटेज जब्त करने में तेजी नहीं दिखाई है।

पीड़ित परिजनों ने स्पष्ट कर दिया है कि वे किसी भी सूरत में समझौता नहीं करेंगे और नशेड़ी कार चालक को सलाखों के पीछे भेजकर सख्त से सख्त सजा दिलाई जाए। पुलिस ने परिजनों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Intoxicated driver’s reckless act in Jalandhar: Car runs over innocent child playing in a dead