
गुरुग्राम: दिल्ली से सटे गुरुग्राम में शनिवार तड़के दिल्ली-जयपुर हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में 3 युवतियों समेत 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा झाड़सा चौक के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार थार गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई और कई बार पलट गई। हादसे में एक युवक की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह दर्दनाक घटना शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे हुई। उत्तर प्रदेश नंबर (UP81 CS 2319) की एक काली थार गाड़ी तेज रफ्तार से दिल्ली से गुरुग्राम की ओर जा रही थी। झाड़सा चौक के पास तेज गति के कारण ड्राइवर ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद थार सीधे डिवाइडर से जा टकराई और कई बार पलटते हुए दूर तक घिसटती चली गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।

पुलिस ने बताया कि गाड़ी में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें तीन युवक और तीन युवतियां शामिल थीं। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दो युवकों और दो युवतियों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान एक और युवती ने दम तोड़ दिया। छठे युवक की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उसका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने सभी पांच शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हाईवे से हटाकर यातायात को सुचारु किया गया। पुलिस फिलहाल मृतकों की पहचान करने में जुटी है और मामले की आगे की जांच कर रही है।
View this post on Instagram


Thar overturned after hitting the divider




