You are currently viewing जालंधर: टॉयलेट क्लीनर पिलाकर लेक्चरर की हत्या करने वाले पति और सास उज्जैन से गिरफ्तार, 6 साल की मासूम भी सकुशल बरामद; 206 पन्नों की चैट में खुली खौफनाक साजिश

जालंधर: टॉयलेट क्लीनर पिलाकर लेक्चरर की हत्या करने वाले पति और सास उज्जैन से गिरफ्तार, 6 साल की मासूम भी सकुशल बरामद; 206 पन्नों की चैट में खुली खौफनाक साजिश

जालंधर: शहर के प्रतिष्ठित सेंट सोल्जर कॉलेज की लेक्चरर नेहा बस्सी हत्याकांड में पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। अपनी ही पत्नी को टॉयलेट क्लीनर (हार्पिक) पिलाकर मौत के घाट उतारने वाले क्रूर पति और उसकी साजिश में शामिल सास को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। इस खौफनाक हत्याकांड की परतें अब तेजी से खुलने लगी हैं और आरोपी की प्रेमिका के पति के सामने आने से इस पूरी वारदात के पीछे छिपी एक ऐसी भयानक कहानी सामने आई है, जिसने हर किसी की रूह कंपा दी है।

उज्जैन से हुई गिरफ्तारी, 6 साल की मासूम भी सकुशल बरामद
पत्नी की बेरहमी से हत्या करने के बाद पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार हुए उमंग बस्सी और उसकी मां कुसुम बस्सी को मध्य प्रदेश के उज्जैन से धर दबोचा गया है। भागते समय ये दोनों नेहा की छह साल की मासूम बेटी को भी अपने साथ ले गए थे, जिसे पुलिस टीम ने सुरक्षित रिकवर कर लिया है। हालांकि, पुलिस विभाग की तरफ से इस बड़ी गिरफ्तारी को लेकर अभी आधिकारिक तौर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस या पुष्टि का इंतजार है, लेकिन इस कार्रवाई ने शहरवासियों को बड़ी राहत दी है।

गर्लफ्रेंड के पति का सनसनीखेज खुलासा, लव ट्राएंगल में गई जान
इस हत्याकांड में लव ट्राएंगल और धोखे का खौफनाक एंगल सामने आया है। आरोपी उमंग बस्सी की गर्लफ्रेंड सतपाल कौर के पति विशाल शर्मा ने खुद सामने आकर कई चौंकाने वाली सच्चाईयां उजागर की हैं। विशाल ने बताया कि उनकी सतपाल कौर के साथ लव मैरिज हुई थी, लेकिन बाद में उसकी पत्नी का उमंग बस्सी के साथ चक्कर शुरू हो गया। दोनों एक-दूसरे के साथ इस कदर अंधे हो चुके थे कि वे जल्द से जल्द शादी रचाना चाहते थे और इसके लिए अपने-अपने जीवनसाथी को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच रहे थे।

15 दिन से चल रही थी प्लानिंग, एएसआई पर गिरी गाज
विशाल शर्मा के खुलासे के मुताबिक, उमंग और सतपाल पिछले 15 दिनों से नेहा और उसे (विशाल को) मौत के घाट उतारने की फुलप्रूफ प्लानिंग कर रहे थे। विशाल ने दावा किया है कि उसने दोनों के बीच हुई व्हाट्सएप चैटिंग के 206 पन्ने भी पकड़े थे, जिनमें इस हत्या की पूरी पटकथा लिखी गई थी। प्यार, धोखा और हत्या की इस भयानक दास्तान ने पुलिस को भी हैरान कर दिया है। वहीं, इस बेहद संवेदनशील मामले की शुरुआती जांच में ढिलाई और लापरवाही बरतने के आरोप में एएसआई बोधराज पर गाज गिरी है और उन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।

Husband and mother-in-law arrested in Ujjain for murdering a lecturer by forcing her to drink toilet cleaner