फिरोजपुर: फिरोजपुर स्थित कोर्ट कॉम्प्लेक्स को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। इस खौफनाक धमकी के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गए हैं और सुरक्षा के मद्देनजर त्वरित कदम उठाते हुए पूरे परिसर को सील कर दिया गया है।
जजों, वकीलों और स्टाफ के अंदर जाने पर लगी रोक
बम की सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। खतरे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत ज्यूडिशियल अधिकारियों, वकीलों और कोर्ट के सभी स्टाफ को इमारत के अंदर दाखिल होने से रोक दिया है। सुरक्षा कारणों से पूरे परिसर को खाली करवा लिया गया है, ताकि किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान को टाला जा सके। काम के सिलसिले में कोर्ट पहुंचे आम लोगों को भी सुरक्षित दूरी पर रोक दिया गया है।
11:30 बजे तक कोर्ट कॉम्प्लेक्स सील, चप्पे-चप्पे की हो रही तलाशी
इस बड़ी धमकी की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस का भारी अमला तुरंत मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने एहतियात के तौर पर सुबह 11:30 बजे तक कोर्ट की पूरी इमारत को चारों तरफ से सील कर दिया है। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की मदद से कोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी (सर्च ऑपरेशन) ली जा रही है। इसके साथ ही पुलिस साइबर सेल की मदद से यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह बम की धमकी आखिर कहां से और किसने दी है। फिलहाल इलाके में दहशत का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात है।


Panic ensues following a bomb threat to the Ferozepur Court Complex; building sealed




