रांची: पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री की मशहूर सिंगर सुनंदा शर्मा के एक लाइव कॉन्सर्ट का हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। भारी भीड़ के बीच परफॉर्म कर रहीं सुनंदा को एक मनचले की घटिया हरकत के कारण अपना सुपरहिट गाना बीच में ही रोकना पड़ गया। भरे शो में सरेआम हुई इस बदतमीजी पर सिंगर का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने माइक से ही युवक को ऐसी सख्त चेतावनी दी कि पूरे पंडाल में सन्नाटा छा गया।
स्टेज से किए भद्दे इशारे, तो सिंगर ने रुकवा दिया म्यूजिक
जानकारी के मुताबिक, यह हाई-वोल्टेज ड्रामा 13 मार्च को झारखंड की एमिटी यूनिवर्सिटी में आयोजित एक मेगा इवेंट के दौरान हुआ। यहां हजारों की संख्या में छात्र सुनंदा शर्मा के हिट गानों पर झूम रहे थे। शो पूरे शबाब पर था, तभी ऑडियंस के बीच खड़े एक युवक ने सिंगर की तरफ देखकर लगातार कुछ आपत्तिजनक इशारे करने शुरू कर दिए। शुरुआत में सुनंदा ने इस मनचले की हरकतों को नजरअंदाज करते हुए अपना गाना जारी रखा, लेकिन जब वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया, तो सिंगर के सब्र का बांध टूट गया और उन्होंने म्यूजिक टीम को इशारा कर गाना बीच में ही रुकवा दिया।
‘शो अच्छा चल रहा है, इसलिए छोड़ रही हूं…’
म्यूजिक रुकते ही सुनंदा शर्मा ने सीधे उस मनचले युवक की तरफ देखा और उसे सरेआम लताड़ लगा दी। गुस्से से लाल सुनंदा ने भरी महफिल में उस युवक को चेतावनी देते हुए कहा कि अभी शो बहुत अच्छा चल रहा है, इसलिए मैं तुम्हें यहीं छोड़ रही हूं। मैं किसी एक की वजह से पूरा शो खराब नहीं करना चाहती, नहीं तो…। इतना कहकर सुनंदा ने उस युवक को तीखी नजरों से घूरा, जिससे वह पूरी तरह सहम गया। मनचले को उसकी औकात याद दिलाने के बाद सिंगर ने फिर से अपना धमाकेदार परफॉर्मेंस शुरू कर दिया।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा वीडियो
लाइव शो के दौरान हुई इस पूरी घटना का वीडियो वहां मौजूद किसी फैन ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर आग की तरह फैल रहा है। इंटरनेट पर लोग सुनंदा शर्मा के इस बेबाक और कड़क अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं। यूज़र्स का कहना है कि कलाकारों के साथ लाइव शो में ऐसी ओछी हरकतें करने वालों को इसी तरह सरेआम मुंहतोड़ जवाब मिलना चाहिए।





