
जालंधर: पंजाबी फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री सोनम बाजवा अपनी आने वाली फिल्म ‘निक्का जैलदार-4’ को लेकर एक नए विवाद में फंस गई हैं। एक हफ्ते पहले रिलीज हुए फिल्म के ट्रेलर में सोनम को शराब पीते और हाथ में सिगरेट पकड़े हुए दिखाया गया है, जिस पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) और पंजाब कलाकार मंच ने कड़ी आपत्ति जताई है।

फिल्म ‘निक्का जैलदार-4’ में सोनम बाजवा और एमी विर्क मुख्य भूमिका में हैं। ट्रेलर के अनुसार, सोनम फिल्म में एक ‘शराब की आदी बहू’ का किरदार निभा रही हैं। करीब 3 मिनट के ट्रेलर में उन्हें कई बार शराब पीते और एक सीन में हाथ में सिगरेट पकड़े हुए दिखाया गया है। इसी को लेकर सिख संगठनों और कलाकार मंच ने सवाल खड़े किए हैं।

पंजाब कलाकार मंच के संरक्षक सुखमिंदरपाल सिंह ने कहा, “सोनम बाजवा को एक सिख परिवार की बहू के तौर पर सिगरेट पकड़े हुए दिखाया गया है। यह सिख महिलाओं और सिख सिद्धांतों का सीधा अपमान है।” उन्होंने कहा कि कुछ कलाकार मर्यादा का उल्लंघन कर रहे हैं। इस मामले में केंद्र सरकार और सेंसर बोर्ड को पत्र लिखकर फिल्म को बैन करने की मांग की गई है।
SGPC के सदस्य गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने भी इस पर नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा, “हम बड़े-बड़े पोस्टर लगाकर बताते हैं कि धूम्रपान सेहत के लिए हानिकारक है, और फिल्मों में इन चीजों को बढ़ावा दिया जा रहा है। अगर वह (सोनम) सिख वेशभूषा में इस तरह का किरदार निभा रही हैं तो यह बहुत गलत है।” इस विवाद के बाद फिल्म रिलीज से पहले ही मुश्किलों में घिरती नजर आ रही है।
View this post on Instagram


SGPC lashes out at sonam bajwa




