
चंडीगढ़: पंजाब में धान की कटाई के साथ ही पराली जलाने की घटनाएं फिर से सामने आने लगी हैं। सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बावजूद बुधवार को पराली जलाने के 5 नए मामले दर्ज किए गए, जिससे इस सीजन में कुल मामलों की संख्या 75 हो गई है। वहीं, प्रदेश के मौसम में भी बदलाव देखने को मिल रहा है, जहां रातें गर्म होने लगी हैं, जबकि दिन का तापमान सामान्य के करीब बना हुआ है।
पंजाब रिमोट सेंसिंग सेंटर (PRSC) द्वारा जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को सामने आए 5 नए मामलों के साथ कुल आंकड़ा 75 पर पहुंच गया है। अब तक सबसे ज्यादा 43 मामले अमृतसर जिले में दर्ज किए गए हैं। इसके बाद पटियाला और तरनतारन में 9-9 घटनाएं सामने आई हैं।

हालांकि, एक चौंकाने वाला तथ्य यह भी है कि कुल 75 मामलों में से 30 (लगभग 40%) मामलों में वास्तव में पराली नहीं जलाई गई थी, लेकिन इन्हें रिपोर्ट में शामिल कर लिया गया। प्रशासन द्वारा इन घटनाओं पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले दिनों में पंजाब में बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम शुष्क बना रहेगा। इससे लोगों को चिपचिपी गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री कम दर्ज किया गया है, लेकिन न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक चल रहा है, जिससे रातें गर्म महसूस हो रही हैं। बुधवार को लुधियाना का समराला 36.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा।
View this post on Instagram


Satellite monitors stubble burning




