
अमृतसर: पंजाब में कहर बनकर बरस रही बारिश ने एक और परिवार की खुशियां छीन लीं। अमृतसर के हल्का बाबा बकाला के गांव सठियाला में सोमवार को एक गरीब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब भारी बारिश के कारण उनके कच्चे घर की छत ढह गई। इस दर्दनाक हादसे में मलबे के नीचे दबने से 12 साल की एक मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना गांव सठियाला निवासी राजविंदर सिंह के घर पर हुई। सोमवार को लगातार हो रही बारिश के चलते उनके कच्चे मकान की छत अचानक भरभरा कर नीचे आ गिरी, उस वक्त पूरा परिवार घर के अंदर ही था। चीख-पुकार सुनकर आस-पड़ोस के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और मलबे में दबे परिवार को बाहर निकाला। सभी को तुरंत बाबा बकाला साहिब के सब-डिविजनल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 12 वर्षीय बच्ची को मृत घोषित कर दिया। परिवार के बाकी सदस्यों का इलाज जारी है।

हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय विधायक दलबीर सिंह टौंग अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार उनके साथ खड़ी है और हरसंभव आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने माना कि परिवार के इस नुकसान की भरपाई तो नहीं हो सकती, लेकिन सरकार और प्रशासन हर कदम पर उनका साथ देंगे।
View this post on Instagram










