You are currently viewing आबू धाबी में गूंजा ‘पंजाबी थप्पड़’: जालंधर के कोच जसकरण सिंह ने एक ही स्लैप से अमेरिकी प्लेयर को किया चित; खिताब जीतने वाले दूसरे पंजाबी बने

आबू धाबी में गूंजा ‘पंजाबी थप्पड़’: जालंधर के कोच जसकरण सिंह ने एक ही स्लैप से अमेरिकी प्लेयर को किया चित; खिताब जीतने वाले दूसरे पंजाबी बने

जालंधर: जालंधर के खालसा कॉलेज में बतौर बॉक्सिंग कोच सेवाएं दे रहे जसकरण सिंह ने आबू धाबी में आयोजित MMA पावर स्लैप चैंपियनशिप जीतकर पूरी दुनिया में भारत का परचम लहरा दिया है। जसकरण ने अपने फाइनल मुकाबले में अमेरिकी प्रतिद्वंद्वी को दूसरे ही राउंड में एक ऐसा जोरदार थप्पड़ जड़ा कि वह वहीं नॉकआउट हो गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, जसकरण का थप्पड़ इतना शक्तिशाली था कि अमेरिकी प्लेयर तुरंत नीचे गिर गया और दोबारा उठ नहीं पाया। इस शानदार नॉकआउट के चलते तीसरे राउंड की जरूरत ही नहीं पड़ी और जसकरण को विजेता घोषित कर दिया गया।

दिलचस्प बात यह है कि मोगा के सैदोके गांव में जन्मे जसकरण सिंह पेशे से एक वेटरनरी डॉक्टर हैं। लेकिन खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें इस अनोखे और चुनौतीपूर्ण मुकाबले तक पहुंचा दिया। उन्होंने दिल्ली से पंकज खन्ना और अपने कोच कुलदीप सिंह (रेलवे) की देखरेख में इस प्रतियोगिता की तैयारी की थी।

जैसे ही जसकरण सिंह अपनी ऐतिहासिक जीत के बाद अपने गांव सैदोके पहुंचे, ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और हार पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया। बेटे की इस उपलब्धि पर पिता मिट्ठू सिंह बेहद खुश नजर आए। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “आज मैं बहुत खुश हूं। मेरे बेटे ने गांव, पंजाब और पूरे भारत का नाम दुनिया में रोशन किया है।”

जसकरण सिंह इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप को जीतने वाले दूसरे पंजाबी बन गए हैं। उनसे पहले रोपड़ के जुझार सिंह ने भी आबू धाबी में एक रूसी हेवीवेट खिलाड़ी को हराकर देश का नाम रोशन किया था। जसकरण की इस जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पंजाब के गबरूओं का दम पूरी दुनिया मानती है।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jaspreet Singh (@akstudyvisa1)

‘Punjabi Slap’ resonates in Abu Dhabi