You are currently viewing पंजाब: अमेरिका में सेटल कराने के नाम पर 45 लाख की ठगी, एजेंट ने किस्तों में हड़पी रकम; जांच के बाद FIR दर्ज; तलाश में जुटी पुलिस

पंजाब: अमेरिका में सेटल कराने के नाम पर 45 लाख की ठगी, एजेंट ने किस्तों में हड़पी रकम; जांच के बाद FIR दर्ज; तलाश में जुटी पुलिस

अमृतसर: विदेश जाकर बेहतर भविष्य बनाने का सपना देख रहे लोगों को ठगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला अमृतसर देहाती क्षेत्र से सामने आया है, जहां अमेरिका भेजने और वहां नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 45 लाख रुपये की बड़ी ठगी कर ली गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने गहन जांच के बाद होशियारपुर निवासी एक ट्रैवल एजेंट के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।

अमेरिका में सेटल कराने का दिया झांसा, अलग-अलग समय में लिए 45 लाख रुपये

मिली जानकारी के अनुसार, गांव धर्मचूक निवासी निशान सिंह ने थाना मेहता पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ महीने पहले उसकी मुलाकात होशियारपुर के वार्ड नंबर छह, पुरहीरा निवासी तेजिंदर सिंह के साथ हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को विदेश भेजने वाला एजेंट बताते हुए दावा किया कि वह उसे अमेरिका में सेटल करवा सकता है और वहां अच्छी नौकरी भी लगवा देगा। एजेंट के भरोसे में आकर निशान सिंह उसकी बात मान गया। इसके बाद आरोपी ने अमेरिका भेजने की प्रक्रिया के नाम पर पीड़ित से अलग-अलग समय के दौरान कुल 45 लाख रुपये ले लिए।

रकम वापस मांगने पर मुकरा आरोपी, एसपी-डी की जांच के बाद दर्ज हुई एफआईआर

मोटी रकम वसूलने के बाद भी जब काफी समय तक आरोपी तेजिंदर सिंह ने अमेरिका भेजने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की, तो पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। कई महीने बीत जाने के बाद निशान सिंह ने एजेंट से अपने 45 लाख रुपये वापस मांगे, लेकिन आरोपी ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। परेशान होकर पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से शिकायत की। शिकायत मिलने पर अमृतसर देहाती के एसपी-डी की ओर से मामले की जांच की गई। जांच में पीड़ित द्वारा लगाए गए सभी आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।

Punjab: Rs 45 lakh swindled under the pretext of facilitating settlement in the US; agent siphoned off the money