You are currently viewing पंजाब में दिनदहाड़े बड़ी वारदात: निहंग के बाणे में आए 5 हथियारबंद लुटेरे, गनपॉइंट पर परिवार को बंधक बना लूटे 3 करोड़ रुपए

पंजाब में दिनदहाड़े बड़ी वारदात: निहंग के बाणे में आए 5 हथियारबंद लुटेरे, गनपॉइंट पर परिवार को बंधक बना लूटे 3 करोड़ रुपए

गुरदासपुर: पंजाब के गुरदासपुर में आज (5 मार्च) की सुबह एक बेहद खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया है। शहर के पॉश इलाके जेल रोड स्थित 5 नंबर स्कीम में एक मशहूर ज्वेलर्स के घर निहंग सिंह के बाणे में आए पांच हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। लुटेरों ने दिनदहाड़े पूरे परिवार को गनपॉइंट पर बंधक बना लिया और घर से करीब 3 करोड़ रुपये के सोने के जेवर और कैश लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत इलाके की नाकेबंदी कर जांच शुरू कर दी है।

धार्मिक पोस्ट का बहाना बनाकर घर में की एंट्री

ज्वेलर्स वरुण महाजन की पत्नी नेहा महाजन ने इस खौफनाक मंजर की आपबीती सुनाते हुए बताया कि सुबह करीब 8 बजे जब उनका ड्राइवर सरबजीत सिंह घर के बाहर गाड़ियां साफ कर रहा था, तभी निहंग सिंह के वेश में पांच लोग वहां पहुंचे। उन्होंने ड्राइवर को बातों में उलझाया और जैसे ही ड्राइवर उन्हें अंदर बुलाने आया, सभी बदमाश जबरन घर में घुस गए। लुटेरों ने परिवार को चकमा देने के लिए कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया पर उनके गुरुओं के खिलाफ कुछ गलत पोस्ट डाली है, इसलिए वे उनसे जवाब मांगने आए हैं।

सिर पर तानी पिस्टल और बच्चों को दी खौफनाक धमकी

बात करते-करते अचानक दो बदमाशों ने अपना असली रूप दिखाया और नेहा महाजन के सिर पर पिस्टल तान दी। हथियार के जोर पर उन्होंने पूरे परिवार को डरा-धमका कर एक ही जगह इकट्ठा कर लिया। इसके बाद खौफ पैदा करने के लिए बदमाशों ने परिवार के सभी सदस्यों को अलग-अलग कमरों में कैद कर दिया। ड्राइवर सरबजीत को एक कमरे में, नेहा और उनके दोनों बच्चों कृष व शिखर को दूसरे कमरे में, जबकि पति वरुण महाजन को तीसरे कमरे में बंद कर दिया गया। लुटेरों ने घर की सभी चाबियां अपने कब्जे में ले लीं और बच्चों को जान से मारने की खौफनाक धमकियां देकर पूरे घर को खंगाल डाला।

डीवीआर और परिवार की गाड़ी भी ले उड़े लुटेरे

बेखौफ बदमाशों ने घर में रखा सारा सोना और भारी मात्रा में कैश समेट लिया। पीड़ित परिवार के मुताबिक लूटे गए गहनों और नकदी की कुल कीमत लगभग 3 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। अपनी पहचान छुपाने के लिए ये शातिर लुटेरे जाते समय घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ उखाड़ ले गए और परिवार की ही गाड़ी में बैठकर आसानी से मौके से फरार हो गए।

पुलिस के आला अधिकारी मौके पर, तलाश तेज

करोड़ों की इस सनसनीखेज लूट की सूचना मिलते ही डीएसपी तरजिंदर सिंह भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए और छानबीन शुरू कर दी। डीएसपी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित परिवार के अनुसार निहंग सिंह के वेश में आए पांच हथियारबंद व्यक्तियों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस की टीमें आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही हैं ताकि लुटेरों के भागने का रूट पता चल सके। उन्होंने दावा किया है कि पुलिस जल्द ही इन बदमाशों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे धकेल देगी।

Punjab: 5 armed robbers disguised as Nihangs, held a family hostage at gunpoint and looted ₹3 crore