You are currently viewing पंजाब में नशे के सौदागरों पर गरजा JCB, 24 केस वाले तस्कर का सरकारी जमीन पर बना मकान जमींदोज

पंजाब में नशे के सौदागरों पर गरजा JCB, 24 केस वाले तस्कर का सरकारी जमीन पर बना मकान जमींदोज

अमृतसर: नशे के खिलाफ अपनी कार्रवाई को तेज करते हुए अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने राजासांसी के गांव भगुपुर बेठ में 24 नशा तस्करी के मामलों में वांछित कुख्यात तस्कर मलूक सिंह के सरकारी जमीन पर बने अवैध मकान को जेसीबी से ढहा दिया। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व एसपी आदित्य वॉरियर ने किया।

एसपी आदित्य वॉरियर ने बताया कि गांव के लोगों द्वारा लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि मलूक सिंह और उसके दो बेटे सतबीर सिंह उर्फ सोनू और रंजीत सिंह पिछले 7-8 सालों से बड़े पैमाने पर नशे का अवैध कारोबार कर रहे हैं। इस परिवार के खिलाफ अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 24 मामले दर्ज हो चुके हैं। ग्रामीणों ने यह भी शिकायत की थी कि परिवार ने गांव के छप्पड़ (जल स्रोत) की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर मकान बना लिया है।

ग्रामीणों की लिखित शिकायत पर बीडीपीओ कार्यालय ने मामले की जांच की और जमीन पर अवैध कब्जा पाए जाने की रिपोर्ट पुलिस प्रशासन को सौंपी, जिसमें मकान गिराने की सिफारिश की गई थी। इसी रिपोर्ट के आधार पर शनिवार को पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया और जमीन को वापस पंचायत के सुपुर्द कर दिया।

एसपी आदित्य ने बताया कि मुख्य आरोपी मलूक सिंह और उसके दोनों बेटे फिलहाल फरार हैं, लेकिन उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा, “नशे की काली कमाई से बनाई गई कोई भी संपत्ति, चाहे वह मकान हो या जमीन, किसी भी हालत में बख्शी नहीं जाएगी।”

गांव के लोगों ने पुलिस और प्रशासन की इस कार्रवाई का आभार जताते हुए कहा कि इससे अन्य नशा तस्करों को भी एक कड़ा संदेश जाएगा। एसपी वॉरियर ने युवाओं से नशे से दूर रहकर मेहनत से अपना भविष्य बनाने की अपील की।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jaspreet Singh (@akstudyvisa1)

JCBs roar against drug dealers