You are currently viewing पंजाब विधानसभा में भारी हंगामा: वित्त मंत्री चीमा और खैहरा के बीच तीखी नोकझोंक, ‘बदमाशी’ और ‘डिग्री’ को लेकर चले शब्द-बाण

पंजाब विधानसभा में भारी हंगामा: वित्त मंत्री चीमा और खैहरा के बीच तीखी नोकझोंक, ‘बदमाशी’ और ‘डिग्री’ को लेकर चले शब्द-बाण

चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा के बजट सत्र का पांचवां दिन हंगामे की भेंट चढ़ गया। सदन में उस वक्त स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा के बीच निजी टिप्पणियों को लेकर जबरदस्त बहस छिड़ गई। प्रश्नकाल समाप्त होते ही सदन “शेम-शेम” के नारों से गूंज उठा और सत्ता पक्ष व विपक्ष के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिली।

निजी टिप्पणियों पर भड़के वित्त मंत्री चीमा

विवाद की शुरुआत सुखपाल सिंह खैहरा के एक पुराने इंटरव्यू और उनके द्वारा की गई कुछ टिप्पणियों को लेकर हुई। वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने खैहरा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह व्यक्ति हमारी माताओं-बहनों और दलित समाज के संघर्ष का अपमान करता है। चीमा ने भावुक होते हुए कहा, “मुझे गर्व है कि मैं एक मजदूर के घर पैदा हुआ हूं। खैहरा हमें ‘बंधुआ मजदूर’ कहते हैं, लेकिन उन्हें याद रखना चाहिए कि यह बाबा साहिब अंबेडकर का संविधान है जिसने हमें यहां तक पहुंचाया है।” उन्होंने खैहरा को चुनौती देते हुए कहा कि “चांदी का चम्मच लेकर पैदा होने वाले” लोग जमीन से जुड़े नेताओं का दर्द नहीं समझ सकते।

डिग्री और ‘चोरी’ के आरोपों से गरमाया माहौल

बहस के दौरान मर्यादा की सीमाएं तब लांघती दिखीं जब चीमा ने खैहरा की शैक्षणिक योग्यता और उनके अतीत पर सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए कहा कि कहीं तेल चोरी तो कहीं तिरपाल चोरी के आरोप लगते रहे हैं। चीमा ने तंज कसते हुए कहा, “हमारी डिग्री कहीं भी चेक करवा लो, हमने तुम्हारी तरह किसी और को बैठाकर पेपर पास नहीं किए। अगर मन में चोर हो, तभी चीजें छिपाई जाती हैं।” उन्होंने अंत में यहां तक कह दिया कि खैहरा को इलाज की जरूरत है और इसके पैसे वह खुद देंगे।

गैस सप्लाई और युद्ध के असर पर चिंता

हंगामे के बीच सदन में जनहित से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मुद्दा भी उठा। कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारुचक ने देश-दुनिया के हालातों का जिक्र करते हुए कहा कि इजराइल और अमेरिका के बीच चल रहे संघर्ष का असर अब पंजाब में भी दिखने लगा है। उन्होंने बताया कि राज्य में गैस सिलेंडरों की सप्लाई प्रभावित हो रही है और कमर्शियल गैस की कटौती शुरू हो गई है।

गेहूं सीजन और स्टोरेज का संकट

मंत्री कटारुचक ने आगाह किया कि पंजाब में जल्द ही गेहूं का सीजन शुरू होने वाला है, लेकिन गोदामों में पहले से ही जगह की भारी कमी है। सप्लाई चेन में आ रही बाधाओं के कारण आने वाले दिनों में संकट और गहरा सकता है। इस संबंध में सदन में एक निंदा प्रस्ताव भी पेश किया गया, जिस पर विस्तार से चर्चा के बाद कल वोटिंग करवाई जाएगी। फिलहाल, सदन की कार्यवाही हंगामे और व्यक्तिगत आरोपों के साये में स्थगित कर दी गई।

Huge uproar in Punjab Assembly: Finance Minister Cheema and Khaira exchange heated words