टोरंटो: कनाडा में एक बेहद हैरान कर देने वाला और शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी असली पहचान छिपाकर लेडी डॉक्टरों के साथ अश्लील हरकतें कीं। इस शख्स ने फर्जी तरीके से एक पंजाबी नाम रख लिया और अस्पतालों में जाकर घिनौनी वारदातों को अंजाम दिया। कनाडा की पील रीजनल पुलिस ने इस आरोपी को बीते दिसंबर महीने में ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन अब सोशल मीडिया पर उसकी जमकर फजीहत और ट्रोलिंग होने के बाद यह मामला पूरी दुनिया में सुर्खियों में आ गया है।
बीमारी का बहाना बनाकर पार की बेशर्मी की सारी हदें
कनाडा की पील रीजनल पुलिस के खुलासे के मुताबिक, यह आरोपी बेहद शातिराना तरीके से अपनी हरकतों को अंजाम देता था। वह प्राइवेट पार्ट में बीमारी का झूठा बहाना बनाकर अस्पताल पहुंचता था। वहां वह जानबूझकर महिला डॉक्टरों से ही मिलता और क्लिनिक के अंदर जाते ही अपने सारे कपड़े उतार देता था। इसके बाद वह लेडी डॉक्टर को अपने प्राइवेट पार्ट छूने को कहता। जब जांच के दौरान डॉक्टर को समझ आ जाता कि उसे कोई बीमारी है ही नहीं और उसकी पोल खुलने लगती, तो वह शातिर वहां से तुरंत भाग खड़ा होता था।
वैभव की खुली पोल, अब कनाडा से निकाला जाएगा बाहर
आरोपी ने इस तरह की घिनौनी हरकत एक-दो नहीं, बल्कि कई महिला डॉक्टरों के साथ की। आखिरकार, जब एक लेडी डॉक्टर ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस में इसकी औपचारिक शिकायत दर्ज करवा दी, तो इस पूरे फर्जीवाड़े और अश्लील खेल से पर्दा उठ गया। जांच में सामने आया कि आरोपी का असली नाम वैभव है, जिसने ‘आकाशदीप सिंह’ बनकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब इस आरोपी को कनाडा से डिपोर्ट (निर्वासित) करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की पीड़ितों से अपील
इस मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस लगातार अन्य महिला डॉक्टरों से अपील कर रही है कि अगर उनके साथ भी ऐसी कोई घटना हुई है, तो वे बिना डरे सामने आएं। इसी कड़ी में कनाडा की मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रूबी भसीन ने भी 15 मार्च को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया है। उन्होंने भी महिला डॉक्टरों का हौसला बढ़ाते हुए उनसे बेखौफ होकर सामने आने और इस शख्स के खिलाफ गवाही देने की गुजारिश की है, ताकि इसे कड़ी से कड़ी सजा मिल सके।

From Vaibhav to ‘Akashdeep’: Committing Indecent Acts Against Female Doctors in Canada




