
जालंधर: शहर के बस्ती बावा खेल इलाके में स्थित डरोना गार्डन के सामने मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक तेज रफ्तार थार जीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गुप्ता सेनेटरी स्टोर में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि थार के परखच्चे उड़ गए और दुकान का शटर टूटकर अंदर जा गिरा। घटना में थार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसमें एक नाबालिग समेत दो लोग सवार थे। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
हादसे की सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि बेकाबू थार ने पहले सड़क पर पैदल जा रहे एक व्यक्ति को कुचलने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह बाल-बाल बच गया, जिसके तुरंत बाद थार सीधे दुकान में जा घुसी। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए। प्रत्यक्षदर्शी दलजीत सिंह ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 6:30 बजे की है। जब उन्होंने थार सवार युवकों को बाहर निकालने की कोशिश की तो वे उन्हीं से बहस करने लगे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

दुकान के मालिक भूपिंदर गुप्ता ने बताया कि उन्हें सुबह फोन पर हादसे की सूचना मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि चालक नशे में धुत्त लग रहा था। उन्होंने कहा, “थार की पिछली सीट से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं।” भूपिंदर ने बताया कि उन्होंने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया। उन्होंने इस बात पर भी रोष जताया कि थार का मालिक मौके पर तो पहुंचा, लेकिन उसने दुकान के नुकसान की बात करने की बजाय सिर्फ अपनी गाड़ी के नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने ईश्वर का शुक्र अदा करते हुए कहा कि गनीमत रही कि दुकान बंद थी, वरना दुकान में मौजूद उनके बेटे और चार कर्मचारियों के साथ कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि थार के एयरबैग खुल गए और दुकान का शटर तोड़कर अंदर रखा सामान भी बिखर गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और बनती कार्रवाई की जाएगी।
View this post on Instagram


Drunken youths wreak havoc in Jalandhar








