You are currently viewing जालंधर पहुंचे DGP गौरव यादव, बोले- ISI बिगाड़ना चाहती है पंजाब का माहौल, नशे पर नकेल के लिए लॉन्च होगी ये ऐप

जालंधर पहुंचे DGP गौरव यादव, बोले- ISI बिगाड़ना चाहती है पंजाब का माहौल, नशे पर नकेल के लिए लॉन्च होगी ये ऐप

जालंधर: पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने आज जालंधर पहुंचकर कहा कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) ड्रोन के जरिए हेरोइन और छोटे हथियार भेजकर लगातार पंजाब का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रही है, लेकिन पंजाब पुलिस इन नापाक साजिशों को नाकाम करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने नशे और अपराध पर नकेल कसने के लिए जल्द ही एक नई मोबाइल ऐप लॉन्च करने की भी घोषणा की, जिसके जरिए कोई भी व्यक्ति अपनी पहचान गुप्त रखते हुए पुलिस को सूचना दे सकेगा।

डीजीपी यादव आज जालंधर में पुलिस लाइन में एक उच्च स्तरीय बैठक के लिए पहुंचे थे, जहां उन्होंने होशियारपुर, कपूरथला और नवांशहर के पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध और ट्रैफिक व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में डिप्टी कमिश्नर हिमांशु अग्रवाल और पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर भी विशेष रूप से मौजूद रहीं।

बैठक के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए डीजीपी ने कहा कि सीमा पार से नशे और हथियारों की तस्करी एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने बताया, “बीएसएफ के साथ मिलकर चलाए जा रहे साझा ऑपरेशन के तहत नशे पर लगातार लगाम लगाई जा रही है। बाढ़ के दौरान बढ़ी तस्करी की कोशिशों को भी नाकाम किया गया।” उन्होंने बताया कि अब तक 1342 किलो हेरोइन रिकवर की जा चुकी है और 20,400 से अधिक एफआईआर दर्ज की गई हैं।

डीजीपी गौरव यादव ने यह भी स्पष्ट किया कि फिरौती (Extortion) की ज्यादातर कॉलें स्थानीय अपराधियों द्वारा की जा रही हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि ऐसी किसी भी कॉल से डरें नहीं और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने यह भी बताया कि पंजाब में अमन-शांति भंग करने के इरादे से हुए 26 धमाकों के सभी मामलों को पुलिस ने सफलतापूर्वक ट्रेस कर लिया है।

डीजीपी ने जालंधर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए उठाए गए कदमों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहर में 1100 से अधिक हाई-टेक CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) से रियल टाइम में की जाएगी। यह अत्याधुनिक निगरानी प्रणाली न केवल ट्रैफिक जाम की समस्या को सुलझाएगी, बल्कि आपराधिक गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखेगी। आज इस सिस्टम के पहले चरण में 13 जगहों पर कैमरे शुरू कर दिए गए हैं।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jaspreet Singh (@akstudyvisa1)

DGP Gaurav Yadav arrived in Jalandhar