गुरदासपुर: गुरदासपुर जिले के कस्बा फतेहगढ़ चूड़ियां में सोमवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने एक बुजुर्ग पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वार्ड नंबर-5 के पार्षद रणजीत सिंह देव के चाचा अमरजीत सिंह देव गंभीर रूप से घायल हो गए। खून से लथपथ हालत में उन्हें तुरंत स्थानीय सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें अमृतसर रेफर कर दिया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
रास्ता रोककर अचानक मारी गोली, सड़क पर गिरे बुजुर्ग
जानकारी के अनुसार, अमरजीत सिंह देव अपनी मोपेड पर सवार होकर स्टेशन रोड से अजनाला रोड की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक उनके पीछे लग गए। परिजनों के मुताबिक, हमलावरों में से एक ने पगड़ी पहनी हुई थी जबकि दूसरा बिना पगड़ी के था। स्टेशन रोड से नाला रोड की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर युवकों ने मोपेड के आगे बाइक अड़ाकर उन्हें रोक लिया और बिना कुछ कहे अचानक गोली चला दी। गोली अमरजीत सिंह के दाहिने कंधे में लगी और वे जमीन पर गिर पड़े।
पुरानी रंजिश से इनकार, परिवार ने तुरंत पहुंचाया अस्पताल
घायल अमरजीत सिंह के भतीजे गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उनके चाचा छतरी वालों को पैसे देकर घर लौट रहे थे। वारदात के तुरंत बाद उन्होंने फोन कर परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिवार व स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। परिजनों का कहना है कि अमरजीत सिंह की किसी के साथ कोई पुरानी रंजिश या दुश्मनी नहीं थी। म्युनिसिपल काउंसिल के प्रधान कुलविंदर सिंह लाली और पीड़ित परिवार ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
DSP और SHO ने संभाला मोर्चा, खंगाले जा रहे CCTV फुटेज
वारदात की सूचना मिलते ही डीएसपी ललित कुमार और एसएचओ गुरिंदर सिंह ढिल्लों भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। पुलिस ने इलाके के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि हमलावरों के भागने के रूट और पहचान का सुराग लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को ट्रेस कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।


Councillor’s uncle shot in broad daylight in Punjab; elderly man on a moped surrounded and shot in the shoulder




