You are currently viewing अकाल तख्त के जत्थेदार का CM मान पर तीखा हमला, नशे के खिलाफ बोलने वाले सिख युवक को प्रताड़ित करने का आरोप, दोषी अधिकारियों को बर्खास्त करने की मांग

अकाल तख्त के जत्थेदार का CM मान पर तीखा हमला, नशे के खिलाफ बोलने वाले सिख युवक को प्रताड़ित करने का आरोप, दोषी अधिकारियों को बर्खास्त करने की मांग

अमृतसर: पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने और मुख्यमंत्री भगवंत मान के दौरे के दौरान काले झंडे दिखाने वाले एक सिख युवक को पुलिस हिरासत में बर्बर यातनाएं देने का मामला गरमा गया है। श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार कुलदीप सिंह गरगज ने संगरूर जिले के शेरौं गांव के युवक मोहनजीत सिंह के साथ पंजाब पुलिस द्वारा की गई कथित प्रताड़ना और उसके धार्मिक ‘ककारों’ की बेअदबी की कड़े शब्दों में निंदा की है। जत्थेदार ने दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और उन्हें तुरंत प्रभाव से बर्खास्त करने की मांग की है।

‘तार वाले ब्रश से पीटा और घावों पर छिड़का नमक’, बेअदबी के भी आरोप
पीड़ित युवक के हवाले से जत्थेदार कुलदीप सिंह गरगज ने बताया कि पुलिस हिरासत में युवक पर अमानवीय जुल्म ढाए गए। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसकी कमर पर लोहे के तार वाले ब्रश से वार किए और उन ताजा जख्मों पर नमक छिड़का। इसके अलावा सिर पर जूतों से मारा गया, दाढ़ी और केशों का अपमान किया गया और जबरन उसका ‘कच्छेरा’ (सिख ककार) उतारकर फाड़ दिया गया। जत्थेदार ने कहा कि संगरूर के एसएसपी से बात कर संबंधित डीएसपी हरविंदर सिंह खैहरा और एसएचओ के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने तथा अवैध टॉर्चर का केस दर्ज कर तुरंत सेवामुक्त करने को कहा गया है। ऐसा न होने पर अकाल तख्त साहिब खुद कड़ा कदम उठाएगा।

काले झंडे दिखाना लोकतांत्रिक अधिकार, सरकार पर ‘जकरिया खान’ की राह चलने का आरोप
जत्थेदार गरगज ने कहा कि मोहनजीत सिंह ने शांतिपूर्ण तरीके से अपने पड़ोसी की छत से मुख्यमंत्री को काला झंडा दिखाया था, जो हर नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है और कोई अपराध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि डीएसपी ने वही झंडा युवक के गले में लपेटकर उसे घसीटा और थाने ले जाकर टॉर्चर किया। जत्थेदार ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पंजाब में सिखों के साथ ऐसा बर्ताव हो रहा है जैसे सरकार ‘जकरिया खान’ के रास्ते पर चलकर अत्याचार कर रही हो। उन्होंने सवाल किया कि क्या पंजाब पुलिस कानून से ऊपर हो चुकी है?

पंजाब के हर गांव में 10 से 15 युवा नशे की चपेट में, ‘चिट्टा’ बंद करने की मांग
राज्य में पैर पसारते नशे के जाल पर गहरी चिंता जताते हुए जत्थेदार ने कहा कि पंजाब के हर गांव में 10 से 15 नौजवान नशे की गर्त में डूब चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सिंथेटिक ड्रग्स यानी ‘चिट्टा’ सरकार की नाक के नीचे धड़ल्ले से बिक रहा है, जिसे पूरी तरह बंद किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो युवक नशे की गिरफ्त में हैं, उन्हें समाज से अलग करने के बजाय मदद और सहारे की जरूरत है। जत्थेदार ने युवाओं से अपील की कि वे नशे का त्याग कर श्री आनंदपुर साहिब आएं, केश रखें और गुरु साहिबान के दिखाए मार्ग से जुड़ें।

Akal Takht Jathedar launches scathing attack on CM Mann; alleges harassment of a Sikh youth