You are currently viewing जालंधर में खाकी की गुंडागर्दी, चालान का वीडियो बना रहे युवक को पुलिसकर्मी ने जड़ा जोरदार थप्पड़, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

जालंधर में खाकी की गुंडागर्दी, चालान का वीडियो बना रहे युवक को पुलिसकर्मी ने जड़ा जोरदार थप्पड़, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

जालंधर: शहर के व्यस्त पठानकोट चौक पर पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक शर्मनाक घटना सामने आई है। वाहन चेकिंग के दौरान एक पुलिसकर्मी ने सरेआम एक युवक को थप्पड़ जड़ दिया। पीड़ित युवक का आरोप है कि वह पुलिसकर्मियों द्वारा चालान काटे जाने की प्रक्रिया का अपने मोबाइल से वीडियो बना रहा था, जिससे बौखलाए एक मुलाजिम ने उस पर हाथ उठा दिया। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति द्वारा बनाए गए इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

‘सिर्फ आरसी मांगी थी, बदले में मिला थप्पड़’
पीड़ित युवक के अनुसार, उसका कोई बड़ा कसूर नहीं था। चेकिंग के दौरान उसने केवल पुलिसकर्मी के हाथ से अपनी गाड़ी की आरसी (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट) वापस लेने का प्रयास किया था। युवक ने पुलिस के आक्रामक व्यवहार पर तीखा आक्रोश जताते हुए कहा कि क्या कानून के रखवालों को आम जनता के साथ इस तरह पेश आना चाहिए? युवक ने बताया कि वह 3,000 किलोमीटर से अधिक गाड़ी चलाकर गुजरात और राजस्थान समेत कई राज्यों से होकर जालंधर पहुंचा है, कहीं कोई परेशानी नहीं हुई, लेकिन जालंधर पहुंचते ही न सिर्फ उसका चालान काटा गया बल्कि उसके साथ बदसलूकी भी की गई।

पुलिस कमिश्नर दफ्तर में शिकायत की तैयारी, पुलिस ने साधी चुप्पी
घटना के बाद पीड़ित युवक ने साफ कर दिया है कि वह पुलिस की इस मनमानी को बर्दाश्त नहीं करेगा। युवक ने कहा कि बिना किसी गलती के उसके साथ मारपीट की गई है और वह इस पूरे मामले को लेकर जालंधर के पुलिस कमिश्नर (CP) दफ्तर में औपचारिक शिकायत दर्ज करवाएगा और आरोपी मुलाजिम के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करेगा। दूसरी तरफ, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और खाकी की किरकिरी होने के बावजूद पुलिस प्रशासन की ओर से अब तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान या सफाई सामने नहीं आई है।

Police high-handedness in Jalandhar: Cop delivers a hard slap to a youth filming the issuance of a traffic challan