You are currently viewing जालंधर में Pyramid E-Services दफ्तर में हंगामा, मारपीट और पर्स चोरी के आरोप में जतिंदर सिंह, मां-बेटे समेत 20 लोगों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज की FIR, कंपनी ने सभी आरोपों को बताया निराधार , देखें VIDEO

जालंधर में Pyramid E-Services दफ्तर में हंगामा, मारपीट और पर्स चोरी के आरोप में जतिंदर सिंह, मां-बेटे समेत 20 लोगों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज की FIR, कंपनी ने सभी आरोपों को बताया निराधार , देखें VIDEO

जालंधर (अमन बग्गा)। जालंधर के गढ़ा रोड स्थित Pyramid E-Services के दफ्तर में हुए हंगामे और मारपीट के मामले में थाना डिवीजन नंबर-6 की पुलिस ने मां-बेटे समेत करीब 20 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है कि विवाद के दौरान दफ्तर के मैनेजर के साथ मारपीट की गई और एक महिला कर्मचारी का पर्स भी चोरी कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक मामले में मोता सिंह नगर निवासी मोनिका, उनके बेटे हर्षित, फिरोजपुर (गुरुहरसहाय) निवासी जतिंदर सिंह और गांव फरीदपुर के रहने वाले करणवीर समेत करीब 20 लोगों को नामजद किया गया है। आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 332C, 115(2), 351(1), 191(3) और 190 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पीड़ित संजय ने बताई पूरी घटना

पुलिस को दिए बयान में Pyramid E-Services के ग्रुप एचआर हेड संजय के. मेहरा (46) ने बताया कि वह गढ़ा रोड पर बस स्टैंड के पास स्थित दफ्तर में मैनेजर के तौर पर काम करते हैं। घटना के समय वह दफ्तर में मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें सहयोगी ने फोन कर बताया कि कुछ लोग दफ्तर में आकर कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और धमकियां दे रहे हैं।

संजय मेहरा के मुताबिक जब वह मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद कथित तौर पर आरोपियों ने दफ्तर के स्टाफ को जबरन बाहर निकाल दिया।

महिला कर्मचारी का पर्स चोरी करने का भी आरोप

मामले में एक महिला कर्मचारी का पर्स चोरी होने का आरोप भी लगाया गया है। पुलिस को बताया गया कि पर्स में करीब 20 हजार रुपये नकद, क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज थे। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान और भूमिका की जांच कर रही है।

Pyramid E-Services ने आरोपों को बताया निराधार

वहीं, Pyramid E-Services की ओर से इन आरोपों को सिरे से खारिज किया गया है। कंपनी के ग्रुप एचआर हेड संजय के. मेहरा ने कहा कि कंपनी करीब 20 वर्षों से कार्यरत है और अवैध पैकेज डील, अनधिकृत धन व्यवस्था या किसी भी गैरकानूनी गतिविधि से उसका कोई संबंध नहीं है। कंपनी की ओर से कतर, पुर्तगाल, ओमान, रूस जैसे अन्य देशों में भेजे जाने के दावों को खारिज किया गया है।

कंपनी की ओर से कहा गया कि उसके खिलाफ लगाए गए इस तरह के आरोप तथ्यों से परे और निराधार हैं। कंपनी ने अपने स्तर पर किसी भी गैरकानूनी गतिविधि में शामिल होने की बात से इनकार किया है।

पैसों की ठगी और फेक वीजा के आरोप भी खारिज

Pyramid E-Services की ओर से पैसों की ठगी, फेक वीजा जारी करने और लोगों को विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने जैसे आरोपों को भी पूरी तरह गलत और निराधार बताया गया है। कंपनी की ओर से स्पष्ट किया गया कि इन आरोपों का वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है और कंपनी ने किसी व्यक्ति के साथ धोखाधड़ी या फर्जी वीजा के नाम पर ठगी नहीं की।

कंपनी के ग्रुप एचआर हेड संजय के. मेहरा ने कहा कि Pyramid E-Services लंबे समय से इमिग्रेशन क्षेत्र में काम कर रही है और कंपनी की कार्यप्रणाली नियमों के अनुसार है। उन्होंने विदेश भेजने, पैसों की ठगी अथवा फर्जी वीजा से जुड़े लगाए जा रहे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें झूठे और बेबुनियाद आरोप बताया।

कंपनी की ओर से यह भी कहा गया कि यदि किसी व्यक्ति के पास इन आरोपों के संबंध में कोई ठोस प्रमाण है तो वह उसे संबंधित जांच एजेंसी के समक्ष पेश कर सकता है। फिलहाल कंपनी ने अपने ऊपर लगाए गए इन सभी आरोपों से साफ तौर पर इनकार किया है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में सामने आए आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Commotion at the Pyramid E-Services office in Jalandhar: Police have registered an FIR against 20 people